जेवर लूटकर भाग रहे बदमाशों से भिड़ गई 18 साल की अमृता, 100 मीटर तक दौड़ाया; जांबाजी देख दंग रह गए लोग
गोरखपुर की गोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर– 17 में देवांश स्वर्ण कला केंद्र नाम के ज्वेलरी की दुकान पर सोना खरीदने के बहाने दो युवक आते हैं.इस दौरान में से एक युवक ने मौका पाकर झपट्टा मार दिया. उसने करीब 20 ग्राम वजन के चार-पांच जोड़ी कान के झाले उठा लिए. फिर दोनों लूटेरे दुकान से भागने लगे. इस दौरान दुकानदार की 18 साल की बेटी ने दोनों का पीछा कर लिया.एक बदमाश को हाथ से पकड़ कर गिरा भी दिया.लेकिन दोनों बदमाश भागने में कामयाब हो गए.
गोरखपुर में एक ज्वेलर्स की दुकान में लूट की घटना सामने आई है. यहां एक ज्वेलर्स की दुकान में दो युवक ग्राहक बनकर आते है. फिर गहने दिखाने को बोलते हैं और मौका पाते ही करीब 20 ग्राम का सोना लेकर भागने लगते हैं. इस दौरान ज्वेलरी शॉप पर बैठी 18 वर्षीय दुकान मालिक की बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा कर लिया. वह तकरीबन 100 मीटर तक बदमाशों का पीछा कर दौड़ती रही.
18 वर्षीय युवती ने एक बदमाश को हाथ से पकड़ कर गिरा भी दिया. फिर उसको पीटा भी. बदमाश की पिटाई करते वक्त उसके हाथ पर चोट भी आई. लेकिन इन सबके बीच दोनों बदमाश भागने में कामयाब हो गए. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद भी हो गई. इसका वीडियो भी सामने आया है. यह पूरी घटना गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के गोला उपनगर के वार्ड नंबर –17 की है. इस घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है.
ज्वेलरी शॉप संभाल रही थी दुकानदार की छोटी बेटी
गोरखपुर की गोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर– 17 में देवांश स्वर्ण कला केंद्र नाम से एक ज्वेलरी की दुकान है. इसके मालिक राकेश वर्मा है. राकेश वर्मा एक छोटे स्वर्णकार है. वह बड़े दुकानदारों से आभूषण लेकर बेचते हैं. उनकी चार बेटियां हैं. दो बेटियों की शादी हो चुकी है. तीसरी बेटी की शादी 29 अप्रैल को है. वह अपनी बेटी की सगाई का कार्ड बांटने के लिए गए थे उनकी गैर मौजूदगी में दुकान पर उनकी सबसे छोटी बेटी बैठी हुई थी. वही दुकान को संभाल रही थी. इसी दौरान यह घटना हुई.
ग्राहक बनकर आए दो युवक निकले लूटेरे
पुलिस की पूछताछ में अमृता ने बताया कि शनिवार को दोपहर लगभग 2 बजकर 20 मिनट पर दो युवक ग्राहक बनकर मेरी दुकान में आए. उन्होंने जेवर दिखाने के लिए कहा जैसे ही मैने उनको जेवर दिखाया उसमें से एक युवक ने मौका पाकर झपट्टा मार दिया. उसने करीब 20 ग्राम वजन के चार-पांच जोड़ी कान के झाले उठा लिए. फिर वह दुकान से भागने लगे.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
सीसीटीवी में साफ तौर पर दिख रहा है कि लाल टी-शर्ट और काली पैंट पहने एक व्यक्ति अपनी गाड़ी लेकर गली में आगे बढ़ रहा है, जैसे ही लाल शर्ट वाला व्यक्ति आगे निकलता है. पीछे से दो युवक भागते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान एक लड़की उनका पीछा करते नजर दिख रही है. वह अचानक एक युवक को पकड़ लेती है और जमीन पर गिरा देती है.
लूटे गए सोने की कीमत ढाई लाख
युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश कर रहा है. इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो जाती है. इस दौरान लड़की को युवक धक्का दे देता है. दोनों जमीन पर गिर जाते हैं. लड़की चिल्लाती दिख रही है, लेकिन खुद को छुड़ाकर भाग जाता है. बताया जा रहा है कि लूटे गए 20 ग्राम सोनी की कीमत ढाई लाख रुपए है.
पुलिस ने क्या कहा?
वही इस मामले में एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि शनिवार को लगभग 2:30 बजे गोला थाने पर सूचना मिली कि दो व्यक्ति ज्वेलरी की दुकान में आए और चांदी की अंगूठी दिखाने को कहा. फिर उसके बाद सोने की झाले लेकर फरार हो गए. तहरीर के आधार पर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
