कौन था लखटकिया बदमाश रहमान? जिसका STF ने किया एनकाउंटर, BSP नेता की हत्या कर हुआ था फरार

उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने आजमगढ़ के 1 लाख के इनामी बदमाश रहमान उर्फ बाबू को गोरखपुर में पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया है. रहमान 2021 में बसपा नेता कमालू की हत्या कर गुजरात में छिपा था. मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसे ढेर कर दिया. इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है. रहमान पर हत्या सहित दस से अधिक मुकदमे दर्ज थे.

उत्तर प्रदेश में आजमगढ़ के कुख्यात बदमाश रहमान को यूपी एसटीएफ ने पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया है. एक लाख का इनामी बदमाश रहमान आजमगढ़ में बसपा के एक नेता की हत्याकर पांच साल से गुजरात में फरारी काट रहा था. एसटीएफ ने सोमवार की शाम इस बदमाश की लोकेशन खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहा इलाके में ट्रैस की. इसके बाद लोकल पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन में इस बदमाश को घेर लिया गया.

पुलिस टीमों ने इस बदमाश को सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन भागने के चक्कर में इसने फायरिंग शुरू कर दी. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए इस बदमाश को मार गिराया है. इस एनकाउंटर में गोली लगने से एक पुलिस कांस्टेबल भी जख्मी हो गया है. पुलिस के मुताबिक इस बदमाश की पहचान आजमगढ़ के रहने वाले मुस्तफिजुल रहमान उर्फ बाबू पुत्र जमालुद्दीन के रूप में हुई है. इस बदमाश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस कस्टडी से भागने समेत दस से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.

2021 में की बसपा नेता की हत्या

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक करीब 15 सालों से इस बदमाश की अलग अलग मुकदमों में तलाश हो रही थी. इसी बीच साल 2021 में इसने आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र में बसपा नेता कमालू की हत्या कर दी. इसके बाद एडीजी वाराणसी ने इसके खिलाफ एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. पुलिस का शिकंजा कसन पर यह भागकर गुजरात चला गया था. पुलिस के मुताबिक साल 2024 में इसे महाराष्ट्र की अमरावती पलिस ने एक अन्य मामले में अरेस्ट किया था, लेकिन यह पुलिस हिरासत से फरार हो गया.

बरामद हुआ लोडेड पिस्टल

एनकाउंटर की सूचना पर एसपी सिटी निमिष पाटिल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटना की जांच पड़ताल की और घायल कांस्टेबल को अस्पताल भेजा इस दौरान इस बदमाश की तलाशी ली गई तो इसके पास से लोडेड पिस्टल के अलावा जिंदा कारतूस एवं एक बाइक बरामद हुई. एसपी सिटी निमिष पाटील के मुताबिक बरामद हथियार और अन्य सामग्री कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. अब पुलिस इसके सहयोगियों की तलाश में जुटी है.

Follow Us