ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो बेकाबू, बिजली के पोल से टकराई; 1 की मौत, BJP नेता का भतीजा घायल
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में तेज रफ़्तार स्कॉर्पियो बिजली के पोल से टकराई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई. जबकि अलीगढ़ बीजेपी जिलाध्यक्ष का भतीजा गंभीर रूप से घायल है. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. यह पूरी घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए. हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक बीजेपी जिला अध्यक्ष का भतीजा बताया जा रहा है. पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुए दोनों युवक अलीगढ़ के जट्टारी क्षेत्र के रहने वाले थे. इस हादसे में ऋषभ नाम के एक युवक की मौत हो गई है. जबकि अलीगढ़ बीजेपी जिला अध्यक्ष कृष्णपाल सिंह के भतीजे गुरुदेव को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सीसीटीवी कमरे में कैद हुई मौत की रफ्तार
इस पूरे हादसे की घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि स्कॉर्पियो बेहद तेज गति से सड़क पर दौड़ रही थी. अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे बिजली की पोल से जा टकराई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार काफी देर तक सड़क पर गोल-गोल घूमते रही.
हादसे के बाद काफी देर तक गाड़ी का सायरन भी बजता रहा जिससे आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. जहां उपचार के दौरान ऋषभ नाम के युवक की मौत हो गई जबकि बीजेपी नेता के भतीजे का इलाज ग्रेटर नोएडा के शारदा अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस कर रही हादसे के हर एंगल की जांच
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसे के समय वहान की गति कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. पुलिस हादसे के हर एंगल की जांच कर रही है.
उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. जो सीसीटीवी देखा गया है उसमें कार की रफ्तार अधिक देखी जा रही है. वहीं, कार किन कारणों से बिजली के पोल से टकराई है, इसकी जानकारी आसपास के लोगों से जुटाई जा रही है.