ग्रेटर नोएडा में सरकारी अस्पताल की बड़ी चूक! डॉक्टर की जगह नर्स ने किया डिलीवरी, नवजात की मौत
ग्रेटर नोएडा के दादरी CHC में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. महिला डॉक्टर की गैरमौजूदगी में नर्सिंग स्टाफ ने डिलीवरी कराया, जिसमें नवजात शिशु की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद डीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं.
ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी लापरवाही सामने आई है. जहां महिला डॉक्टर की गैर मौजूदगी में नर्सिंग स्टाफ द्वारा डिलीवरी कराई गई, जिससे नवजात की मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है. वहीं, डीएम और सीएमओ ने जांच के आदेश दिए है.
जानकारी के मुताबिक, दादरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शनिवार सुबह अपने गर्भवती पत्नी को लेकर दादरी अस्पताल में डिलीवरी के लिए भर्ती कराया.आरोप है कि वहां महिला डाक्टर मौजूद नहीं थी नर्सिंग स्टाफ द्वारा महिला की डिलीवरी करवाई गई, लेकिन बच्ची बाहर नहीं आई. बाद में जब प्रक्रिया पूरी हुई तो नवजात बच्ची मृत अवस्था में पाई गई.
टीम का गठन कर जांच कराई जाएगी- DM
परिजनों का आरोप है कि समय पर डॉक्टर मौजूद होती तो बच्ची की जान बचाई जा सकती थी. घटना के बाद परिजनों ने डायल 112 पास पुलिस को कॉल किया. पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन उस समय महिला डॉक्टर अस्पताल में मौजूद नहीं मिली. पीड़ित परिवार ने लिखित शिकायत देकर अस्पताल स्टाफ पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया. डीएम ने जांच टीम गठित कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं. समाधान दिवस पर दादरी पहुंची जिला अधिकारी मेघा रूपम से बताया कि टीम का गठन कर जांच कराई जाएगी. साथ ही यह भी कहा कि डयूटी पर तैनात डाॅक्टर के मोबाइल की लोकेशन भी चेक कराई जाएगी.
CMO ने भी सामुदायिक केंद्र का किया निरीक्षण
वहीं सीएमओ ने भी दादरी सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण कर घटना की जानकारी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि ड्यूटी के दौरान डॉक्टर की मौजूदगी थी या नहीं और नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई. वहीं, इस घटना को लेकर पूरे अस्पताल में भी बड़कंप मचा है.
