NEET-UG को लेकर लखनऊ तैयार, परीक्षा केंद्र के बाहर नो-पार्किंग; अभ्यर्थियों के लिए 2 स्पेशन ट्रेनें
लखनऊ में कल (रविवार) होने वाली NEET-UG परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी हो गई हैं. शहर के 75 केंद्रों पर 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी यह परीक्षा देंगे. परीक्षा केंद्रों के 50 मीटर के दायरे में पार्किंग पर रोक लगाई गई है. साथ ही अभ्यर्थियों के लिए 2 जोड़ी स्पेशन ट्रेन का ऐलान किया गया है.
राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को लेकर राजधानी लखनऊ में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. रविवार को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए शहर में 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 35 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा केंद्र के 50 मीटर के दायरे मे नो-पार्किंग रहेगा. साथ ही अभ्यर्थियों के लिए स्पेशन ट्रेन का ऐलान किया गया है.
परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को लखनऊ पुलिस लाइन में संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था बबलू कुमार ने पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में सभी अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. ताकी परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सके.
परीक्षा केंद्र के 50 मीटर के दायरे में नो-पार्किंग
बैठक में तय किया गया कि किसी भी परीक्षा केंद्र के 50 मीटर के दायरे में पार्किंग की अनुमति नहीं होगी. अभ्यर्थियों के अभिभावक और परिजन परीक्षा केंद्र के बाहर निर्धारित स्थानों पर प्रतीक्षा कर सकेंगे, लेकिन केंद्र परिसर के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी की कड़ी व्यवस्था की गई है.
वहीं, जिन परीक्षा केंद्रों की बाउंड्री वॉल अपेक्षाकृत कम ऊंचाई की है, वहां अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. परीक्षा केंद्रों के बाहर यदि कोई व्यक्ति बिना कारण खड़ा मिलता है तो उसे तत्काल वहां से हटाया जाए. इसके अलावा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के लिए भी पुलिस बल को सतर्क रहने को कहा गया है.
गोरखपुर-लखनऊ के बीच परीक्षा स्पेशल ट्रेनें
पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने नीट परीक्षा देने वाले हजारों छात्रों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. 21 जून को गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन के बीच 02 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी. प्रमुख स्टेशनों पर गोरखपुर, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग जंक्शन, गोमतीनगर और गोंडा पर हेल्पडेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां ट्रेनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी.
लखनऊ स्थित मंडल नियंत्रण कक्ष में 24 घंटे राजपत्रित अधिकारियों की शिफ्ट ड्यूटी लगाई गई है, जो पूरे संचालन की लगातार निगरानी करेंगे. यात्री किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए भारतीय रेल की हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं. इसका उद्देश्य परीक्षार्थियों की यात्रा को सुगम, सुरक्षित और तनावमुक्त बनाना है.
लापरवाही पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर केवल एडमिट कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचें. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं. अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई.
