… तो इस वजह से हुई थी निक्की भाटी की मौत, पुलिस की 500 पन्नों की चार्जशीट में खुलासा
ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटी हत्याकांड में पुलिस ने 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है. पुलिस के अनुसार, पति समेत ससुराल वालों ने साजिश रचकर निक्की को जलाकर मार डाला. चार्जशीट में इंस्टाग्राम वीडियो को लेकर विवाद और दहेज की मांग का भी जिक्र है. पुलिस के पास पुख्ता सबूत हैं और पीड़ित परिवार आरोपियों की जमानत रद्द कराने के लिए कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखेगा.
ग्रेटर नोएडा का निक्की भाटी हत्याकांड ने सभी को हैरान कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने अब करीब 500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है. पुलिस का इस मामले में कहना है कि आरोपी ने पहले षड्यंत्र रचा और फिर इस घटना को अंजाम दिया. मामले में पुलिस ने पति विपिन, जेठ रोहित, ससुर सत्यवीर, और सास दया को आरोपी बनाया है.
पीड़ित परिवार के अधिवक्ता उधम सिंह टोंगड और दिनेश कुमार ने इस मामले में बात करते हुए कहा कि पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है. इसके साथ ही, कोर्ट में उनका पक्ष मजबूती से रखा जाएगा ताकि आरोपियों की जमानत को खारिज किया जा सके.
विवेचना के दौरान, पुलिस ने अस्पताल की ओर से बयान दर्ज किए, जिनमें शुरुआत में गैस सिलेंडर के फटने से निक्की भाटी के झुलस जाने की बात सामने आई थी. इसके बाद निक्की को अस्पताल में भर्ती करवाया गया. पुलिस टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची, जहां से जली हुई चादर, कपड़े और थिनर की खाली बोतल मिली. वहां मौजूद सभी साक्ष्य पुलिस ने कब्जे में लिए.
चार्जशीट में मुख्य बिंदु
चार्जशीट में इस बात का ज़िक्र किया गया है कि निक्की और उसकी बहन का इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाना उसके पति विपिन और सास को पसंद नहीं था. उसे कई बार वीडियो बनाना बंद करने के लिए भी कहा गया था, जिसे लेकर लंबे समय तक विवाद भी चला. वहीं, निक्की भाटी के पिता ने पुलिस में शिकायत दी थी कि दहेज की मांग पूरी न करने पर आरोपी विपिन ने उनकी बेटी को जलाकर मार डाला.
कोर्ट में पक्ष
निक्की के पक्ष की ओर से यह कहा गया है कि उनका पक्ष मजबूती से कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस की तरफ से भी यह बात कही गई है कि उनके पास हर जरूरी सबूत है और वो अपराध साबित करने में सक्षम हैं. घटना के वक्त वायरल हुई वीडियो को भी साक्ष्य के तौर पर चार्जशीट में दर्ज किया गया है.
पूरा मामला
बता दें कि यह घटना 21 अगस्त की है, जब कथित तौर पर निक्की के ससुराल वालों ने उसे पीटा और मारपीट के बाद आग लगा दी. गंभीर हालत में निक्की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. इस मामले के बाद पूरे देश में आक्रोश फैल गया था.
