चाय में ‘स्लो पॉइजन’ का खेल? पति के आरोप के बाद पत्नी पर FIR, CCTV बना सबूत

कानपुर में एक पति ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि पत्नी 6 महीने से चाय में धीमा जहर मिलाकर परिवार को पिला रही थी, जिससे माता-पिता और उसकी तबीयत बिगड़ गई. कथित CCTV फुटेज मिलने के बाद पुलिस ने पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

पति का दावा- पत्नी 6 माह तक पिलाती रही जहर वाली चाय; FIR दर्ज

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के विवाद का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक निजी कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हिमांशु गुप्ता ने अपनी पत्नी पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वह पिछले करीब छह महीने से परिवार के लोगों की चाय में कथित तौर पर स्लो पॉइजन मिलाकर पिला रही थी.

हिमांशु के अनुसार, उनकी शादी 30 जनवरी 2024 को ज्योति गुप्ता से हुई थी, जो चौबेपुर के एक सरकारी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन हैं. शादी के कुछ समय बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया और घर में विवाद बढ़ने लगे. इसी दौरान उनके माता-पिता बीमार रहने लगी. बाद में उन्हें भी खून की उल्टियां और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें होने लगीं.

CCTV फुटेज के बाद विवाद पहुंचा थाने

हिमांशु का कहना है कि तबीयत खराब होने के बाद जब डॉक्टरों से दिखाया तो उन्होंने आशंका जताई कि यह किसी रासायनिक पदार्थ के सेवन का असर हो सकता है. इसके बाद उन्हें अपनी पत्नी पर शक हुआ. हिमांशु का आरोप है कि उनकी मां ने एक दिन पत्नी को चाय बनाते समय उसमें कोई पदार्थ मिलाते हुए देखा, पूछने पर उसने उसे इलायची बताया.

आरोप है कि पत्नी चाय बनाती और खुद वही चाय पीने से बचती रही. इसके बाद परिवार ने घर में गुप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाए. शिकायतकर्ता का दावा है कि कैमरों में पत्नी कई बार चाय में संदिग्ध पदार्थ मिलाती हुई दिखाई दी. पति का कहना है कि बाद में जब उन्होंने पत्नी को कथित CCTV फुटेज दिखाई, तो वह घर छोड़कर चली गई.

पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का दर्ज कराया केस

इसके बाद पीड़ित पति ने 23 जुलाई को कथित CCTV फुटेज और डॉक्टरों की रिपोर्ट के साथ पुलिस कमिश्नर से शिकायत की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डॉक्टरों के बयान दर्ज करने के बाद 25 जुलाई को आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. वहीं पत्नी ने भी अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया है.

डीसीपी कासिम आब्दी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों और वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

Follow Us