इटावा में खूनी खेल! मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से चचेरे भाई की हत्या, बोला- पिता का बदला लिया
इटावा में मकान निर्माण विवाद ने खूनी रूप ले लिया. चचेरे भाई ने ही युवक को कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया. आरोपी ने बताया कि उसने 30 साल पुरानी रंजिश का बदला लिया है, जब उसके पिता पर हमला किया गया था.
इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र के चिकनी गांव में मकान निर्माण को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को खूनी वारदात में बदल गया. चचेरे भाई ने किसान विनय उर्फ बकील पर कुल्हाड़ी और डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटो तक शव को नहीं उठने दिया.
आक्रोशित परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर पहले से चल रहे विवाद में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए थाना अध्यक्ष और चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. हालांकि, अधिकारियों के आश्वासन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. उधर, पुलिस ने घटना के दो घंटे के भीतर आरोपी रामकुमार उर्फ गुड्डू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
मामूली विवाद में कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला
पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह विनय अपने मकान की छत का लेंटर डलवा रहा था. इसी दौरान निर्माण सामग्री पड़ोसी रामकुमार के टीनशेड पर गिर गई, जिससे दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर आरोपी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और विनय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक विनय खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. वह दो भाइयों में बड़ा था. घटना के समय उसका छोटा भाई अनिल सुबह पांच बजे मजदूरों को वेतन देने के लिए कोसीकलां गया हुआ था. वहीं आरोपी रामकुमार उर्फ गुड्डू पहले दिल्ली में निजी नौकरी करता था और पिछले कुछ समय से गांव में रहकर खेती का काम देख रहा था.
30 वर्ष पुरानी दुश्मनी का बदला लिया- आरोपी
ASP ग्रामीण श्रीशचंद्र ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. उसके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, डंडा, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं.
पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया और दावा किया कि उसने करीब 30 वर्ष पुरानी दुश्मनी का बदला लिया है. बताया जाता है कि जमीन विवाद में मृतक के पिता रामस्वरूप ने आरोपी के पिता रामनरेश पर कुल्हाड़ी से हमला किया था. हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी के इस बयान सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है.
