मुरादाबाद में महिला की निर्मम हत्या, गला रेतने के बाद पहचान मिटाने के लिए चेहरा और हाथ जलाए

मुरादाबाद में एक अज्ञात महिला की नृशंस हत्या कर दी गई है. हत्यारों ने पहचान मिटाने के लिए गला रेतने के बाद चेहरे और हाथ पर गुदे नाम को ज्वलनशील पदार्थ से जलाया. शव गन्ने के खेत में मिला, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस शिनाख्त और हत्यारों की तलाश में जुटी है.

मुरादाबाद में महिला की बर्बर हत्या, चेहरा-हाथ जलाकर पहचान मिटाई

मुरादाबाद के पाकबड़ा थाना इलाके में दिल दहला देने वाली संदिग्ध हत्या की वारदात सामने आई है. एक अज्ञात महिला का झुलसा शव गन्ने के खेत में मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव की पहचान छिपाने की कोशिश भी की गई. फिलहाल मृतका की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें जांच में जुटी हैं.

हत्यारों ने महिला की पहचान पूरी तरह मिटाने के लिए बेहद खौफनाक और बर्बर तरीका अपनाया. पहले किसी धारदार हथियार से महिला की गर्दन रेता और फिर उसके चेहरे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर बुरी तरह झुलसा दिया. इतना ही नहीं, हत्यारों ने महिला के हाथ पर गुदे नाम को भी जलाकर पूरी तरह से पहचान मिटाने का प्रयास किया है.

बुधवार सुबह गन्ने के खेत में मिला झुलसा शव

इस घटना का खुलासा बुधवार सुबह हुआ, जब मोढ़ा तैय्या गांव के प्रदीप अपने खेत पर पहुंचे थे. उन्होंने गन्ने के खेत में एक महिला का शव पड़ा देखा. सूचना मिलते ही पाकबड़ा थाना प्रभारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की. बाद में क्षेत्राधिकारी हाईवे और फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची.

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मृतका की शिनाख्त की कोशिश की गई है, लेकिन शव की स्थिति इतनी विकृत हो चुकी थी कि कोई भी उसकी पहचान नहीं कर सका है. घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ हाईवे वरुण कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और जांच के संबंध में कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

उम्र लगभग 30 साल, शरीर और गर्दन पर वार

थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि फोरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर वहां बिखरे हुए महत्वपूर्ण साक्ष्यों और वैज्ञानिक प्रमाणों को अपने कब्जे में लिया है. प्राथमिक आकलन के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है. मृतका के शरीर और गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं.

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता मृतका की शिनाख्त करना है. मृतका की पहचान के लिए उसका हुलिया और अन्य विवरण आसपास के थानों के साथ साझा कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Follow Us