ए राजा जी… पालतू डॉगी ने पैदा किए पिल्ले, खुशी में मालिक ने पूरे गांव को दे दी दावत, 12 दिन गवाए सोहर

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक पालतू डॉगी के पिल्ले होने पर मालिक ने अनोखा जश्न मनाया. उन्होंने सभी पिल्लों के इंसानों की तरह 12 संस्कार कराए, पूरे गांव को भव्य दावत दी और रिश्तेदारों को निमंत्रण भेजा. घर की महिलाओं ने 12 दिनों तक सोहर गाया. यह अनोखी घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है, जिसमें खुश मालिक की तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं.

हमीरपुर में पिल्लों के जन्म पर गाए सोहर

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक डॉगी ने पिल्ले क्या पैदा किए, मालिक ने खुशी में पिल्लों के सभी 12 संस्कार कराए और पूरे गांव को दावत दे दी. वहीं घर की महिलाओं ने 12 दिनों तक सोहर गाया. इस मौके पर डॉगी मालिक ने विधिवत कार्ड छपवाकर अपने रिश्तेदारों को भी जश्न में आमंत्रित किया. इन पिल्लों के जन्म के अवसर पर शुक्रवार की रात गांव में खूब जश्न मना और लोगों ने भोज खाने के साथ पिल्लों को गिफ्ट भी दिया.

मामला हमीरपुर के विदोखर पुरई गांव का है. इस समय यह पूरी घटना सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक विदोखर पुरई गांव में रहने वाले रामबाबू सोनी ने अपने घर में डॉगी पाल रखा है. उन्होंने इसका नाम श्रीदेवी रखा था. हाल ही में इस डॉगी ने पिल्लों को जन्म दिया था. इसके बाद रामबाबू ने सभी पिल्लों का इंसानों की तरह संस्कार कराए और 12वें दिन शानदार भोज का आयोजन किया.

मित्रों-रिश्तेदारों को भेजा आमंत्रण

अपने घर में पांच पिल्लों के जन्म की खुशी में रामबाबू सोनी ने अपने मित्रों और रिश्तेदारों के अलावा पूरे गांव को शुक्रवार की रात आयोजित भोज में आमंत्रित किया. वहीं जब मेहमान आने शुरू हुए तो वह परिवार के साथ उनकी आगवानी की और जश्न में उनकी खूब मेहमानवाजी भी की. इस मौके पर आए तमाम मित्र और रिश्तेदार इन पिल्लों के लिए गिफ्ट भी लेकर आए थे. इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने हिस्सा लिया था.

12 दिन गवाए सोहर

इन पिल्लों की जन्म की खूशी में पूरा परिवार लहालोट दिखा. 12 दिनों तक घर की महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से ढोल बाजे के साथ सोहर गाया. वहीं बच्चे के जन्म पर होने वाले सभी बारह संस्कार इन पिल्लों के भी कराए गए. वहीं सभी संस्कार पूरे होने पर आयोजित जश्न में पूरा परिवार डीजे की धुन पर देर रात तक थिरकता रहा. इस जश्न की तस्वीरें और वीडियो इस समय सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहे हैं.

Follow Us