घर में पति से कराया मर्डर, जलाकर जंगल में दफनाया BF का शव; रूह कंपा देगी जानलेवा इश्क की कहानी
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी. संबंध बनाने के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया, फिर शव जलाकर जंगल में दफनाया. पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत पर जांच की, तो आरोपी दंपत्ति ने जुर्म कबूल लिया. यह प्रेम-प्रसंग में हुई एक रूह कंपा देने वाली वारदात है.
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में एक रूह कंपा देने वाली घटना हुई है. यहां एक महिला ने संबंध बनाने के बहाने फतेहपुर में रहने वाले अपने प्रेमी को घर में बुलाया और अपने पति से उसकी हत्या करा दी. इसके बाद शव को जलाकर जंगल में दफना दिया. उधर, मृतक के पिता ने पुलिस में बेटे के अपहरण की रिपोर्ट लिखा दी. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए शक के बिनाह पर आरोपी दंपत्ति को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ.
मामला हमीरपुर में फतेहपुर का है. पुलिस के मुताबिक फतेहपुर में बकेवर का रहने वाला युवक विजय निषाद आठ मई को संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया था. उसके पिता इंद्रपाल निषाद ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसके बेटे का हमीरपुर में मनकीपुर गांव की रहने वाली एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. आठ मई को उनका बेटा इसी महिला से मिलने के लिए बाइक पर सवार होकर निकला था, लेकिन उसके बाद से ही उसकी कोई खबर नहीं है. इंद्रपाल ने इस महिला और उसके पति के खिलाफ बेटे को अगवा करने का आरोप लगाया था.
आरोपियों ने कबूली वारदात
इस शिकायत पर पुलिस ने महिला किरन और उसके पति कामता निषाद को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की. आरोपियों ने पहले तो पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे दोनों टूट गए और हत्या की बात कबूल ली. महिला ने बताया कि उसने विजय को संबंध बनाने के बहाने घर में बुलाया और फिर पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद दोनों ने शव को जला दिया था. आरोपियों ने बताया कि अवशेष को उन लोगों ने कानपुर के घाटमपुर के रेउना के जंगल में दफनकर दिया था.
डीएनए टेस्ट के लिए भेजा सैंपल
आरोपियों से पूछताछ और उनकी ही निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में गड्ढे से मृतक के शव के अवशेषों को बरामद किया है. इन अवशेषों का डीएनए सैंपल लेकर पिता के डीएनए से मिलान के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिया है. रेउना एसओ अनुज कुमार के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है. उधर, फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रेम-प्रसंग में हत्या की गई है.