शादी टूटी तो बना हैवान! घर में घुसकर मंगेतर और उसकी बहन पर फेंका एसिड, मचा हड़कंप
हापुड़ में शादी टूटने से बौखलाए युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर और उसकी बहन पर तेजाब फेंक दिया. आरोपी हर्ष, जिसका रिश्ता शराब पीने के कारण टूटा था, दीवार फांदकर घर में घुसा और सोती हुई बहनों को निशाना बनाया. दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं. पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक रूह कंपा देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती और उसकी बहन के ऊपर तेजाब फेंक दिया है. इस घटना में दोनों बहने बुरी तरह से झुलस गई हैं. उन्हें इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जहां डॉक्टरों ने इनकी हालत नाजुक बताई है. इनमें से एक लड़की की शादी आरोपी के साथ तय थी, लेकिन जैसे ही पता चला कि ये शराबी है तो रिश्ता टूट गया था.
इससे आरोपी बौखला गया और इसी बौखलाहट में उसने इस वारदात को अंजाम दिया है. यह वारदात हापुड़ में सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव की है. पीड़िता के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन चीख पुकार होने पर हरकत में आए पास पड़ोस के लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया गया. आरोपी की पहचान हापुड़ के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले हर्ष के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा
पीड़ित युवतियों ने बताया कि बड़ी बहन की शादी आरोपी के साथ तय हुई थी. इसी दौरान पता चला कि आरोपी नाकारा और शराबी है. इसके बाद उसके परिजनों ने आरोपी के साथ रिश्ता तोड़ दिया था. इसी बात पर नाराज होकर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया है. पीड़िता ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वारदात के वक्त दोनों बहने अपने घर में सो रही थीं. अचानक उनके ऊपर एसिड हुआ तो उन्हें कुछ समझ में ही नहीं आया. वह चिल्लाने लगीं. उनकी शोर सुनकर परिवार और पास पड़ोस के लोग आए और आरोपी को भागते देखा.
शादी टूटने के बाद भी बना रहा था दबाव
पीड़ित लड़कियों ने बताया कि रिश्ता टूटने के बाद भी आरोपी लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था. मना करने पर उसने एसिड अटैक की धमकी भी दी. फिर शनिवार की रात करीब सवा दो बजे आरोपी बोतल में तेजाब लेकर दीवार फांद कर घर में घुसा और इस वारदात को अंजाम दिया है. सीओ राहुल यादव के मुताबिक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है.