3 दूल्हों को ठगा, चौथी शादी की तैयारी में थी लुटेरी दुल्हन; पकड़े जानें पर देने लगी सुसाइड की धमकी
कानपुर की लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा ने तीन दूल्हों को ठगा और चौथी शादी की तैयारी में थी. तीसरी शादी के बाद ₹16 लाख की ठगी के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस को उसके फोन में पूर्व पतियों की तस्वीरें मिलीं. जेल जाते समय उसने आत्महत्या की धमकी दी.
उत्तर प्रदेश में कानपुर की लुटेरी दुल्हन प्रगति विश्वकर्मा को लेकर पुलिस ने नया खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक प्रगति अब तक तीन शादियां कर चुकी है. अपने तीनों दूल्हों के साथ ठगी के बाद वह अब चौथी शादी की तैयारी में थी. इसके लिए उसने अपने चौथे शिकार की तलाश कर उसके साथ लिव-इन में रहना भी शुरू कर दिया था. कानपुर पुलिस ने उसे तीसरी शादी के बाद दूल्हे के घर से 16 लाख रुपये के नगदी-जेवर लेकर भागने के आरोप में अरेस्ट किया है.
तीसरी शादी के बाद आई शिकायत पर पुलिस ने प्रगति विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. उसी समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इसी बीच मिले एक इनपुट के आधार पर पुलिस उसके किराए के कमरे पर पहुंची, जहां वह चौथे बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में रह रही थी. पुलिस के मुताबिक प्रगति के बारे में उसके बॉयफ्रेंड से पूछताछ की गई. इस दौरान उसने बताया कि वह प्रगति के साथ चार महीने से रह रहा है, लेकिन उसकी पूर्व की शादियों के बारे में उसे कोई खबर नहीं है.
इंस्टाग्राम पर की दोस्ती
प्रगति के बॉयफ्रेंड ने बताया कि कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए प्रगति के संपर्क में आया और फिर दोनों लिव इन में रहने लगे. जल्द ही दोनों शादी की योजना बना रहे थे. पुलिस के मुताबिक प्रगति इस युवक को भी लूटने की फिराक में थी. पुलिस ने प्रगति के मोबाइल फोन को खंगाला तो उसके तीनों पूर्व पतियों की तस्वीरें मिलीं. इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट किया है. वहीं पूछताछ के बाद उसके परिजनों को भी गिरफ्तार किया गया है.
जेल जाते समय देने लगी धमकी
कानपुर के बर्रा थाने की पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश कर उसे जेल भेज दिया. जेल जाते समय प्रगति दहाड़े मारकर रोने लगी. यही नहीं, उसने सुसाइड करने और आत्मदाह करने की भी धमकी दी. आरोप लगाया कि पुलिस ने झूठे तथ्यों के आधार पर उसे अरेस्ट किया है. पुलिस के मुताबिक प्रगति ने साल 2017 में ही दो शादियां की थी. वहीं तीसरी शादी उसने इसी साल मई महीने में की और एक महीने के अंदर नगदी जेवर समेट कर फरार हो गई थी.