प्यार की ये कैसी सजा… भागकर की थी शादी, मौत के बाद गांव वालों ने रोका दफन; पहुंची पुलिस
हापुड़ में भागकर शादी करने वाली मुस्कान की मौत के बाद गांव वालों ने उसे कब्रिस्तान में दफनाने से रोक दिया. यहां तक कि उसके परिवार ने भी साथ नहीं दिया. आखिर में पति शहनवाज ने खुद कब्र खोदना शुरू किया. इतने में विवाद की आशंका पर पुलिस मौके पर पहुंची मामले में हस्तक्षेप करते हुए शव को दफन कराया.
प्यार की सजा मौत तो आपने खूब सूनी होगी, लेकिन उत्तर प्रदेश के हापुड़ में प्यार की सजा एक महिला को ऐसी मिली, जिसे सुनकर आप हैरान हो जाएंगे. जी हां, इस महिला ने भागकर शादी की तो गांव वालों क्या, घर वालों ने भी खिलाफत की. वहीं जब इस महिला की मौत हो गई तो गांव वालों ने उसे कब्रिस्तान में दफन होने भी नहीं दिया. शव के इस तरह हो रही बदसलूकी की सूचना पर पुलिस पहुंची. इसके बाद काफी समझाइस के बाद शव को दफन किया जा सका.
मामला हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र में नंदपुर गांव का है. दरअसल इस गांव में रहने वाला अपने पड़ोस में ही रहने वाली लड़की मुस्कान से प्यार करता था. दोनों के घर वाले इनके रिश्ते को मानने को तैयार नहीं थे, इसलिए चार साल पहले दोनों ने भागकर शादी कर ली. इसके बाद इनके घर वालों ने इनसे रिश्ता तोड़ लिया. इधर, शहनवाज और मुस्कान शादी के बाद गाजियाबाद के नाहल गांव में किराए का घर लेकर रहने लगे. यहां उनके बाल बच्चे भी हुए और दोनों राजी खुशी रहते थे.
मुस्कान की थी गांव में दफन होने की इच्छा
इसी बीच मुस्कान की तबियत खराब हो गई तो उसने पति शहनवाज के सामने अपनी आखिरी इच्छा रखी. कहा कि उसे अपने ही गांव में दफन करना. पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए शहनवाज उसकी मौत होने पर गांव के कब्रिस्तान में पहुंचा. लेकिन गांव वालों ने उसे रोक दिया. यहां तक कि दोनों के पिता ने भी उनका साथ देने से इनकार कर दिया. इसके बाद शहनवाज ने पत्नी का शव अपने चाचा के घर रखा और खुद जाकर कब्र खोदने लगा.
विवाद की आशंका पर पहुंची पुलिस
इस दौरान सूचना मिलने पर विवाद की आशंका को देखते पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पहले शहनवाज से मिलकर पूरा मामला समझा, फिर ग्राम प्रधान समेत अन्य गांव वालों से बातचीत की. इसके बाद पुलिस ने शाहनवाज को गांव के ही कब्र में पत्नी के शव को दफन करने की अनुमति दे दी. धौलाना थाना प्रभारी अवनीश शर्मा के मुताबिक सभी की सहमति से शव का दफन किया गया है. इसमें किसी पक्ष ने कोई शिकायत नहीं दी है.