रफ्तार का कहर! गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटा कैंटर, 3 की मौत; दो की हालत नाजुक
उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं. बरेली से लुधियाना जा रहा एक कैंटर तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया. मृतकों में एक बच्चा और दो महिलाएं शामिल हैं. यह घटना गंगा एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाती है.
देश के सबसे सुरक्षित और तेज कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार-रविवार की रात बड़ा हादसा हो गया. इस हादसे में बरेली के फतेहगज पूर्वी से लुधियाना पंजाब जा रहा एक कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. यह हादसा गंगा एक्सप्रेसवे पर हापुड़ में हुआ है.
बताया जा रहा है कि बरेली से लुधियाना जा रहे इस कैंटर में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोग सवाल थे. यह कैंटर फुल स्पीड में दौड़ रहा था. इसी दौरान ड्राइवर को झपकी आ गई और गाड़ी पर से कंट्रोल छूट गया. देखते ही देखते कैंटर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर सड़क पर पलट गया. इस हादसे में कैंटर में सवार सभी लोग गाड़ी के नीचे दब गए. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से इन सभी लोगों को गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला. हालांकि इतने समय में तीन लोगों की मौत हो चुकी थी.
दोनों महिलाओं की मौत
पुलिस के मुताबिक हादसा सदरपुर टोल से जखेड़ा रहमतपुर बहादुरगढ़ की तरफ हुआ है. कैंटर में सवार दोनों महिलाओं और उनके करीब 10 माह के बच्चे की मौत हुई है. इनकी पहचान श्रीदेवी, सावित्री और 10 माह के बच्चे अभिजीत के रूप में हुई है. इस हादसे में कैंटर चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. इनकी पहचान लालाराम और अभिषेक के रूप में हुई है. यह सभी लोग बरेली से लुधियाना जाने के लिए निकले थे. पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है.
रफ्तार बनी काल
पुलिस के मुताबिक यह हादसा तेज रफ्तार की वजह से हुआ है. दरअसल गंगा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक ना के बराबर है. ऐसे में लोगों को खुला रोड मिल रहा है तो वह फुल स्पीड में गाड़ी चला रहे हैं. माना जा रहा है कि यह हादसा भी तेज स्पीड की वजह से ही हुआ है. बताया जा रहा है कि जब ड्राइवर को झपकी आई तो वह तेज स्पीड की वजह से ही गाड़ी को कंट्रोल नहीं कर पाया और देखते ही देखते गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलट गई.