हैवान बना दुकानदार, चोरी के शक में बच्चे को डीप फ्रीजर में डालकर बनाया वीडियो; अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एक दुकानदार ने चोरी के शक में 7 वर्षीय बच्चे को डीप फ्रीजर में डालकर उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. इस अमानवीय घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना मानवता को शर्मसार करती है और ऐसे क्रूर कृत्यों के प्रति समाज में कड़ा संदेश देती है.

दुकानदार ने बच्चे को फ्रीजर में डाला Image Credit:

राष्ट्रीय राजधानी से महज 50 किमी दूर उत्तर प्रदेश के हापुड़ में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक दुकानदार ने 7 साल के बच्चे को पकड़ कर डीप फ्रीजर में डाल दिया. इसके बाद आरोपी ने खुद इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया में अपलोड भी कर दिया. बच्चे का कसूर इतना भर था कि उसने आरोपी की दुकान के बाहर पड़ी कोई चीज उठा ली थी. वीडियो वायरल होने पर हापुड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे अरेस्ट कर लिया है.

मामला हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के शेखपुर खिचरा गांव में सोमवार 30 मार्च का है. इस घटना का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दुकानदार की पहचान करते हुए मंगलवार की देर शाम को उसे अरेस्ट कर लिया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ के बाद बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी. पुलिस के मुताबिक मामले की जांच में पता चला है कि यह बच्चा सोमवार को आरोपी की दुकान पर आया था. यहां उसने कोई सामान उठा लिया तो आरोपी को लगा कि वह चोरी कर रहा है.

बच्चे को सुनाई गंदी गालियां

इसी शक में आरोपी ने इस 7 वर्षीय मासूम को पकड़कर डीप फ्रीजर में बंद कर दिया. इस दौरान आरोपी ने बच्चे को प्रताड़ित करते हुए उसे गंदी-गंदी गालियां सुनाई. इस पूरी घटना का आरोपी ने खुद ही वीडियो बनाया और उसे अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर अपलोड भी कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल होने लगा. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए अरेस्ट किया है.

आरोपी ने कबूली वारदात

पुलिस के मुताबिक आरोपी की गांव में ही डेंटिंग-पेंटिंग की दुकान है. हमेशा उसकी दुकान के अंदर और बाहर काफी सामान बिखरा रहता है. शायद इसी में से कोई सामान बच्चे ने उठा ली होगी. आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि बच्चा चोरी करने के लिए उसकी दुकान में आया था. इसलिए उसने बच्चे को डराने के लिए कुछ देर के लिए उसे डीप फ्रीजर में डाला था. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि फ्रीजर में बंद होने के दौरान बच्चा रो रहा है, लेकिन आरोपी बच्चे के रोने को नजरअंदाज कर उसे गालियां बकता जा रहा है.

Follow Us