पिंजरे में आया, मुर्गा खाया और निकल गया मगरमच्छ; देखें VIDEO
बुलंदशहर के लालगढ़ी गांव में तालाब से एक मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया, जिसमें मुर्गे को चारा बनाया गया था. हैरान करने वाले वायरल वीडियो में मगरमच्छ पिंजरे में घुसकर मुर्गा खाता है और गेट बंद न होने के कारण आराम से निकल जाता है. इस घटना से गांव में दहशत बरकरार है और वन विभाग के तरीकों पर सवाल उठ रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में मगरमच्छ पकड़ने के लिए पिंजरा लगा है, इसमें मगरमच्छ आता है, पिंजरे में बंधे मुर्गे को खाता है और आराम से निकल जाता है. इस घटना के बाद गांव में एक बार फिर से मगरमच्छ की दहशत बरकरार हो गई है. वहीं वन विभाग के मगरमच्छ को फंसाने के तरीके पर सवाल उठने लगा है.
जानकारी के मुताबिक यह मामला बुलंदशहर जिले में छतारी थाना क्षेत्र के गांव लालगढ़ी का है. इस गांव के तालाब में कहीं से मगरमच्छ आ गया है. इसे देखने के बाद लोगों में इस कदर दहशत हो गई है कि कोई तालाब की ओर जा ही नहीं रहा. शिकायत मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया. पिंजरे में मगरमच्छ को फंसाने के लिए एक मुर्गा भी रखा गया. लेकिन इसी पिंजरे का अब हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है.
नहीं बंद हुआ पिंजरे का गेट
दरअसल, शिकार देखकर मगरमच्छ पिंजरे में तो घुसा, मुर्गा भी खा लिया, फिर भी पिंजरे का गेट बंद नहीं हुआ. ऐसे में मगरमच्छ बड़े आराम से बाहर निकल गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक यह मगरमच्छ कई दिनों से गांव के तालाब में बैठा है. इससे आसपास से गुजरने वालों पर अटैक का खतरा बढ़ गया है. गांव के लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद वन विभाग ने पिंजरा तो लगाया, लेकिन ठीक से नहीं लगाने की वजह से इस पिंजरे में आकर भी मगरमच्छ बाहर निकल गया.
वायरल हो रहा वीडियो
पिंजरा लगने की सूचना पर बड़ी संख्या में गांव के लोग मौके पर पहुंच गए. लोगों ने घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए रिकॉडिंग ऑन कर दिया. इतने में मुर्गे की गंध सूंघकर मगरमच्छ पानी से निकला और पिंजरे में घुस गया. लोगों को लगा कि शिकारी पकड़ा गया, लेकिन शिकार को खाकर यह मगरमच्छ वापस निकल भी गया. यह पूरा घटनाक्रम मोबाइल कैमरे में कैद हो गया है. यह वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.