नोएडा-गाजियाबाद में अगले दो घंटे में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट, हीटवेव से मिलेगी राहत

भारतीय मौसम विभाग ()IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटों में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है. खासकर नोएडा और गाजियाबाद से सटे इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. इससे इन इलाकों में चिलचिलाती धूप से राहत मिल सकती है.

NCR में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को दिल्ली-NCR में अगले 2 घंटों में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई है. दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में इसका ज्यादा प्रकोप देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने गरज के साथ बिजली गिरने और 30-50 Km/h की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है.

IMD के मौसम को लेकर जारी ताजा बुलेटिन में दिल्ली के दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, शहादरा, विवेक विहार और प्रीत विहार में अलर्ट जारी किया गया है. जबकि NCR में हिंडन AF स्टेशन, गाजियाबाद, नोएडा, इंदिरापुरम, छपरौला और दादरी की कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

अत्यधिक गर्मी के कारण वायुमंडल में बना दबाव

वहीं नोएडा और गाजियाबाद से लेकर लखनऊ तक का तापमान 41°C से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. ऐसे में देर शाम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. अत्यधिक गर्मी के कारण वायुमंडल में बने दबाव की वजह से आंधी-पानी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी है. इससे लोगों को हिटवेव और चिलचिलाती धूप से राहत मिलने की उम्मीद है.

उधर, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने शनिवार को दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में दस्तक दे दी है. माना जा रहा है कि 26 मई तक मानसून केरल आ सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री 18 जून के आसपास आने की उम्मीद है. 20 मई के बाद बारिश भी संभव है.

आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित अपने घरों में रहें

अगले 2 घंटों में आंधी, बारिश और बिजली चमकने को लेकर IMD ने लोगों को सतर्क रहने की भी अपील की है. आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित अपने-अपने घरों में ही रहें.पेड़ों और खंभों से दूर रहें. तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरने या बिजली के तार टूटने का खतरा सबसे अधिक होता है. वहीं, बिजली कड़कने के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करने से बचें.

Follow Us