कृष्ण की अंशिका… 3 साल से प्यार, अब शादी के बंधन में बधेंगे UP कैडर के ये 2 IPS; वेडिंग कार्ड वायरल

उत्तर प्रदेश कैडर के ये दोनों अधिकारी अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं. यह शादी सिर्फ दो परिवारों का नहीं बल्कि दो राज्यों की परंपराओं का भी मिलन मानी जा रही है. एक तरफ राजस्थान के बिश्नोई परिवार की परंपरा होगी तो दूसरी ओर गंगा किनारे बसे प्रयागराज की संस्कृति.

IPS अंशिका वर्मा और IPS केके बिश्नोई

उत्तर प्रदेश के बरेली में तैनात एसपी दक्षिणी IPS अंशिका वर्मा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं. उनकी शादी उत्तर प्रदेश कैडर के ही IPS अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई (केके बिश्नोई) से तय हुई है. दोनों अधिकारियों का विवाह राजस्थान के बाड़मेर में होगा. शादी का कार्ड भी छप चुका है और इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

अंशिका वर्मा पहले गोरखपुर में एएसपी के रूप में तैनात रही हैं. सितंबर 2024 में उनकी पोस्टिंग बरेली में एसपी दक्षिणी के पद पर हुई थी. वहीं उनके होने वाले जीवनसाथी आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई संभल जिले में एसपी के पद पर कार्यरत हैं. दोनों ही अधिकारी उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सख्त कार्यशैली और बेहतर काम के लिए जाने जाते हैं.

28 मार्च को शादी, 30 मार्च को भव्य रिसेप्शन

दोनों तीन साल से प्यार के बंधन में हैं, अब परिवारों की सहमति के बाद रिश्ता तय हो गया, शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. IPS अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई की शादी के कार्यक्रम तीन दिन तक चलेंगे. शादी से पहले महिला संगीत का कार्यक्रम भी रखा गया है. 28 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास में बारात पहुंचेगी. इसी दिन मुख्य रस्में पूरी की जाएंगी.

इसके बाद 29 मार्च की सुबह विदाई का कार्यक्रम होगा. शादी के बाद 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा. इस रिसेप्शन में बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य सहित कई आईपीएस अधिकारी शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा उत्तर प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख राजनेताओं के भी आने की संभावना है.

कौन हैं IPS अंशिका वर्मा और केके बिश्नोई?

आईपीएस कृष्ण कुमार बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं. और बिश्नोई समाज से आते हैं. केके बिश्नोई साल 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. संभल में तैनाती के दौरान वह एक मस्जिद से जुड़े मामले को लेकर भी चर्चा में आए थे. पुलिस प्रशासन में उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद अधिकारियों में भी गिना जाता है.

वहीं, IPS अंशिका वर्मा प्रयागराज की रहने वाली हैं. वह 2021 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की थी. खास बात यह है कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के खुद पढ़ाई करके यह परीक्षा पास की थी. महिला उत्पीड़न और साइबर क्राइम के मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के लिए जानी जाती हैं.

IPS अंशिका वुमेन आइकन अवार्ड से सम्मानित

अंशिका वर्मा बरेली में तैनाती के बाद महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और तकनीक आधारित पुलिसिंग पर खास ध्यान दिया है. उनकी कार्यशैली की वजह से उन्हें पुलिस विभाग में एक सक्रिय और संवेदनशील अधिकारी माना जाता है. दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला शिखर सम्मेलन में उन्हें वुमेन आइकन अवार्ड से सम्मानित किया गया था.