मंगेतर शराब का आदी, पता चलने पर तोड़ दी थी शादी; अब धमकियों से तंग आकर युवती ने दे दी जान
हमीरपुर में एक युवती ने युवक की धमकियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली. युवती की उस लड़के से शादी तय हुई थी. लेकिन उसके शराब का आदी होने के कारण शादी तोड़ दी. इस घटना के बाद युवक लगातार उसे और परिवार को धमका रहा था. इसी से तंग आकर युवती ने जहर खा लिया.
हमीरपुर के राठ थाना क्षेत्र में एक युवती ने युवक की धमकियों से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया. हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज उरई लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसकी मौत हो गई. आरोप है की शादी तोड़ने के बाद भी युवक आए दिन उसपर दवाब बन रहा था, शादी न करने पर परिवार, भाइयों को जान से मारने की धमकी दे रहा था. इसी से तंग आकर युवती ने यह कदम उठाया. मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
मृतका की पहचान 20 वर्षीय निशा पाल, पुत्री करन सिंह के रूप में हुई है. वह राठ थाना क्षेत्र के सरसेड़ा माफ गांव की रहने वाली थी. परिजनों के अनुसार, निशा की शादी हमीरपुर के अतरौली धगुवा गांव निवासी अमरजीत पाल के साथ तय हुई थी. शादी की तैयारियां भी चल रही थीं, लेकिन एक महीना पहले पता चला कि अमरजीत शराब पीने का आदी है और अक्सर नशे में इधर-उधर पड़ा रहता है. इस वजह से परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया था.
भगाकर ले जाउंगा, पिता-भाइयों की हत्या कर दूंगा
जानकारी के मुताबिक, निशा शुक्रवार रात करीब 11 बजे जब घर के लोग सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी घर में रखा कीटनाशक पदार्थ खा लिया. कुछ देर बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी. घबराए परिजन उसे तत्काल राठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे. बाद में उसे मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद से अमरजीत निशा को लगातार फोन कर गाली-गलौज और धमकियां देने लगा. जब निशा ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया तो वह 5 मार्च को सीधे उनके घर पहुंच गया और धमकी दी कि यदि निशा ने उससे शादी नहीं की तो वह उसे भगाकर ले जाएगा और उसके पिता, भाइयों और मां की हत्या कर देगा.
होली पर घर पहुंचकर निशा को धमकी दी थी
परिवार के मुताबिक, एक दिन घर के अन्य सदस्य रिश्तेदारी में भाई दूज का टीका करने गए हुए थे. इस दौरान अमरजीत के घर आने की बात आसपास के लोगों ने भी देखी थी. परिजनों का कहना है कि युवक की लगातार धमकियों के कारण निशा मानसिक तनाव में रहने लगी थी और इसी दबाव में आकर उसने यह कदम उठा लिया.
परिजनों ने बताया कि अमरजीत गोरखपुर जिले में पानी पुरी का व्यवसाय करता है और होली के मौके पर अपने गांव आया हुआ था. उसी दौरान उसने घर पहुंचकर निशा को धमकी दी थी. युवती की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है. पिता करन सिंह की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं, जबकि मां माया और भाई वीरेंद्र व सुमित का रो-रोकर बुरा हाल है.
