उरई नगर पालिका में बड़ा बवाल, IAS रिंकू सिंह राही पहुंचे तो EO ने रोका, फिर जमकर हुई बहस

जालौन की उरई नगर पालिका में बुधवार को हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ. जांच समिति से हटाए गए IAS रिंकू सिंह राही कार्यालय पहुंचे और EO से अभिलेख मांगे. ईओ ने संशोधित आदेश का हवाला देते हुए आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच तीखी बहस हुई. पालिका परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया.

जांच से हटाए गए IAS रिंकू राही की EO से तीखी बहस

जालौन की उरई नगर पालिका परिषद में कथित अनियमितताओं की जांच को लेकर बुधवार को उस समय हाईवोल्टेज स्थिति बन गई, जब जांच समिति से हटाए जा चुके IAS अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (न्यायिक) उरई रिंकू सिंह राही नगर पालिका कार्यालय पहुंच गए. वहां उन्होंने जांच से जुड़े अभिलेखों का निरीक्षण शुरू कर दिया. इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राम अचल कुरील ने संशोधित आदेश का हवाला देते हुए आपत्ति जताई.

इसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है. आरोप है कि रिंकू सिंह राही अपने साथ कुछ निजी लोगों को भी लेकर पहुंचे थे. बताया गया कि वे लोग भी जांच से संबंधित अभिलेख देख रहे थे और उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे. इस पर नगर पालिका प्रशासन ने आपत्ति दर्ज कराई. देखते ही देखते पालिका परिसर में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.

क्या है पूरा मामला?

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील ने रिंकू सिंह राही को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार वह अब जांच समिति के सदस्य नहीं हैं. उनकी जगह वर्तमान उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी को समिति का पदेन सदस्य नामित किया जा चुका है. इसलिए बिना आदेश के जांच संबंधी कार्रवाई नहीं की जा सकती. इसके बाद दोनों अधिकारियों के बीच लंबी बहस शुरू हो गई.

दोनों अधिकारियों के बीच हुई बातचीत

आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही में कहा ‘आदेश दिखाइए. आखिर किस आदेश में लिखा है कि मुझे अभिलेख नहीं दिखाए जाएंगे? आप वह आदेश दिखा दीजिए, मैं तुरंत चला जाऊंगा. ईओ राम अचल कुरील ने कहा, सर, आप इतने बड़े अधिकारी हैं. मैं आपसे किसी प्रकार की बहस नहीं करना चाहता. आपको जो भी लेना हो, ले लीजिए.

रिंकू सिंह राही ने कहा- आप लिखकर दे दीजिए कि मुझे अभिलेख नहीं दिखाए जाएंगे. यदि कहीं भी ऐसा आदेश लिखा हुआ है कि मुझे अभिलेख नहीं देखने हैं, तो मैं बिना किसी आपत्ति के यहां से चला जाऊंगा. आज ही मैंने इस संबंध में पत्र भी लिखा है. इसपर ईओ राम अचल कुरील ने कहा, ‘ नहीं सर, आप बहुत बड़े अधिकारी हैं. मैं आपसे बहस नहीं करना चाहता.

मैं यहां से नहीं जाऊंगा… IAS रिंकू सिंह राही

इसके बाद दोनों के बीच बहस और तेज हो गई. वीडियो में रिंकू सिंह राही कहते नजर आ रहे हैं कि, ‘आप सहयोग नहीं कर रहे हैं. इसलिए मुझे इसकी रिपोर्ट लिखनी पड़ेगी. आप मुझे सेटिंग करने के लिए आए थे, लेकिन मुझे किसी तरह की सेटिंग पसंद नहीं है. आप चाहते थे कि मैं आपके साथ एडजस्ट करूं, लेकिन मुझे ऐसी चीजें स्वीकार नहीं हैं.’

ईओ राम अचल कुरील ने कहा, ‘नहीं साहब, हमने आपके लिए रिकॉर्ड उपलब्ध कराया था. आप यहीं बैठकर जांच कर सकते हैं. हम 22 से 26 तारीख तक के इतने सारे अभिलेख बाहर कैसे ले जाएं? अगर फाइलें गायब हो गईं, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? रिंकू सिंह राही बोले- इसीलिए तो मैं यहां खुद आ गया हूं. ईओ राम- सर, आप स्वयं भी किसी से पूछ सकते हैं.

रिंकू सिंह राही ने कहा, ‘मैं डीएम साहब को पत्र जारी कर चुका हूं. मैं यहां से नहीं जाऊंगा.’ कुछ देर तक चली बहस के बाद ईओ ने रिंकू सिंह राही से उच्चाधिकारियों के आदेश का पालन करने और संशोधित जांच समिति के निर्णय का सम्मान करने का अनुरोध किया. बाद में वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच मामला शांत हुआ और रिंकू सिंह राही वहां से चले गए।

जांच समिति में पहले ही हो चुका है बदलाव

गौरतलब है कि 17 जुलाई 2026 को अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद द्वारा जारी आदेश के माध्यम से नगर पालिका परिषद उरई में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति का पुनर्गठन किया गया था. जांच समिति में रिंकू सिंह राही सदस्य थे, लेकिन उनके पद परिवर्तन के बाद SDM राकेश कुमार सोनी को नामित किया गया था.

नगर पालिका परिषद उरई में अनियमितताओं की जांच पहले से ही जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. ऐसे में जांच समिति से हटाए जाने के बाद भी रिंकू सिंह राही का नगर पालिका पहुंचना और अधिशासी अधिकारी के साथ हुई तीखी बहस ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया है. हालांकि, इसपर प्रशासन की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

Follow Us