मां ने घोंट दिया अपनी ही 4 साल की बेटी का गला, घरेलू कलह के चलते थी परेशान
जालौन में घरेलू कलह के चलते एक मां ने अपनी ही 4 साल की बेटी का गला घोंट दिया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में भी आरोपी मां ने गुस्से में बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र के अकबरपुर इटौरा गांव में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक मां पर अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. वहीं, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार अकबरपुर इटौरा निवासी राजकुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है. परिवार में उसकी वृद्ध मां, पत्नी विनीता और तीन बच्चे शामिल हैं. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था. गुरुवार यानी 21 मई की रात भी परिवार रोज की तरह खाना खाने के बाद सो गया था.
बेटी को देखते ही सन्न रह गया पिता
राजकुमार अपने दोनों बेटों उमंग और मयंक के साथ अलग-अलग चारपाइयों पर सो गए, जबकि उनकी पत्नी विनीता चार वर्षीय बेटी नैना के साथ दूसरी चारपाई पर सो रही थी. बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे विनीता ने मासूम नैना का गला दबा दिया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. देर रात बिजली चले जाने से पंखे बंद हो गए. ऐसे में राजकुमार की नींद खुली. उन्होंने कमरे में बेटी को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए.
राजकुमार के मुताबिक पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं, जिससे उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हो गई थी. हालांकि रात अधिक होने और भय के कारण उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दी. शुक्रवार सुबह जब घटना की जानकारी मोहल्ले और रिश्तेदारों को हुई तो गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद इटौरा चौकी पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर सीओ कालपी अवदेश कुमार सिंह, आटा थानाध्यक्ष अजय सिंह और फॉरेंसिक टीम पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
आरोपी की मां ने बच्ची हत्या बात स्वीकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी मां ने गुस्से में बच्ची की हत्या करने की बात स्वीकार की है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है. मासूम नैना की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. वहीं, ग्रामीण भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं.