जालौन में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते कानूनगो समेत दो रंगे हाथ गिरफ्तार

जालौन में एंटी करप्शन टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने उरई तहसील में राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) समेत दो लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया. शिकायत मिलने के बाद झांसी भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कर दोनों आरोपियों को दबोचा है.

उरई में कानूनगो-सहयोगी रिश्वत लेते गिरफ्तार Image Credit:

जालौन के उरई तहसील परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप की स्थिति बन गई, जब झांसी भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने अचानक से दस्तक दी. साथ ही कानूनगो संदीप कुमार तिवारी और एक निजी व्यक्ति राजेंद्र प्रसाद उर्फ लम्बरदार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई थी.

जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार पुत्र जवाहर सिंह निवासी ग्राम रमपुरा थाना डकोर जनपद जालौन ने भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें बताया गया था कि उनके पिता के नाम दर्ज कृषि भूमि गाटा संख्या 1334 रकबा 1.036 हेक्टेयर की हदबंदी कराई जानी थी. इसके लिए उन्होंने उप जिलाधिकारी उरई के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर वाद दायर किया था.

कृषि भूमि की हदबंदी के लिए मांगी गई थी रिश्वत

मामले की पत्रावली अग्रिम कार्रवाई के लिए क्षेत्र करमेर उरई में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) संदीप कुमार तिवारी के पास पहुंची थी. आरोप है कि हदबंदी के दौरान मौका मुआयना, पैमाइश और रिपोर्ट प्रेषित करने के नाम पर कानूनगो द्वारा 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई. शिकायतकर्ता के अनुरोध पर सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ.

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने भ्रष्टाचार निवारण संगठन झांसी से संपर्क कर पूरे मामले की शिकायत की. शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की. शुक्रवार को लगभग 1 बजकर 25 मिनट पर तहसील परिसर स्थित कार्यालय में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत लेते दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया.

मौके पर मौजूद भीड़ का विरोध, सिपाही चोटिल

कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद की गई. इसी बीच मौके पर मौजूद 50 से 60 लोगों की भीड़ ने विरोध शुरू कर दिया, जिससे टीम को विधिक कार्रवाई करने में बाधा उत्पन्न हुई. आरोप है कि विरोध के दौरान आरक्षी दयाशंकर द्वारा बनाई जा रही वीडियो रिकॉर्डिंग का भी विरोध किया गया, जिससे उनके बाएं हाथ की मध्यमा उंगली प्रभावित हो गई.

घटना के बाद दोनों आरोपियों को पहले उरई कोतवाली और बाद में एट थाने ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक श्याम सिंह ने किया. टीम में निरीक्षक उदयराज निषाद, जगदीश यादव सहित कुल 13 सदस्य शामिल रहे. साथ ही लोगों से सरकारी नंबर 9454401650 पर शिकायत करने की अपील की.

Follow Us