दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर भीषण हादसा, पेड़ से टकराने पर स्कॉर्पियो के उड़े परखच्चे; 3 युवकों की मौत
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर नानौता के पास एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं. ये युवक जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर लौट रहे थे. अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए. परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया है.
सहारनपुर के नानौता क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता में भर्ती कराया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
जानकारी के अनुसार, नानौता क्षेत्र के गांव कुआखेड़ा निवासी शेखर कश्यप पुत्र राजेश, अमन पुत्र राजेश और धर्मेंद्र पुत्र शेर सिंह शुक्रवार को सहारनपुर गए थे. शेखर कश्यप सामाजिक न्याय पार्टी जनादेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे और वह जिलाधिकारी को ज्ञापन देने के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. लेकिन वहां से लौटते समय दुर्घटना के शिकार हो गए.
12 फीट उछलते हुए पेड़ से टकराई स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है ज्ञापन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से वापस गांव लौट रहे थे. इसी दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव दरियापुर के निकट उनकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई. तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे आम के बाग में उतर गई और करीब 12 फीट उछलते हुए एक आम के पेड़ से जा टकराई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए. हादसे में शेखर कश्यप, अमन और धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अंकित पुत्र रामकुमार और चालक दानिश पुत्र मुख्तार निवासी मोहल्ला छत्ता गंभीर रूप से घायल हो गए.
परिजनों ने शव के पोस्टमार्टम से किया इनकार
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नवीन कुमार सैनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, सभी घायलों और मृतकों को सीएचसी नानौता पहुंचाया. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए. अस्पताल परिसर में महिलाओं की चीख-पुकार और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया.
थानाध्यक्ष नवीन कुमार सैनी ने बताया कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया. पुलिस के समझाने के बावजूद परिजन कार्रवाई के लिए तैयार नहीं हुए. परिजन शवों को अपने साथ गांव ले गए. वहीं, हादसे में घायल दोनों लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.