भाई-बहन और बहनोई ढूंढते ग्राहक, शुभम करता था शिकार; जौनपुर में कैसे पकड़ा गया UP का महाठग?
जौनपुर पुलिस ने यूपी के बड़े बैंकिंग ठगी मास्टरमाइंड शुभम सिंह को गिरफ्तार किया है. यह जालसाज बजाज फाइनेंस के नाम पर लोन, बीमा व यात्रा पैकेज की आड़ में ₹2 करोड़ की ऑनलाइन ठगी करता था. पुलिस ने इसके भाई-बहन सहित पूरे गिरोह का खुलासा किया. शुभम पर महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में मुकदमे और राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं.
उत्तर प्रदेश बैंकिंग ठगी के मास्टर माइंड शुभम सिंह को आखिरकार जौनपुर की पुलिस ने दबोच लिया है. इस महाठग की गिरफृतारी फिलहाल दो करोड़ की एक ठगी के मामले में हुई है, लेकिन पुलिस को अनुमान है कि इस जालसाज द्वारा अंजाम दिए गए अन्य मामले भी जल्द ही खुलेंगे. यह जालसाज बजाज फाइनेंस कंपनी के नाम पर लोन, इंश्योरेंस, इन्वेस्टमेंट और टूर एंड ट्रैवल्स पैकेज के नाम पर ऑनलाइन ठगी करता था.
इस जालसाज की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने इसके पूरे गिरोह का खुलासा किया है. इस गिरोह में शुभम के भाई, बहन और बहनोई भी शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक मुंबई में बैठे आरोपी के भाई, बहन और बहनोई इसके पास ग्राहक भेजते थे. फिर यह जालसाज उन्हें बजाज फायनेंस कंपनी के नाम पर फाइनेंस, इन्वेस्टमेंट, टूर एंड ट्रैवल्स पैकेज का झांसा देकर शिकार बनाता था. इसके लिए आरोपी ने इस फायनेंस कंपनी के नाम से मिलती जुलती वेबसाइट भी बनाया था.
ये हुआ खुलासा
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को इस जालसाज के बरसठी थाना क्षेत्र के पपरावन गांव में होने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे दबोच लिया. पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना शुभम सिंह ही है. वहीं मुंबई में रह रहे उसके भाई, बहन, बहनोई उसकी मदद करते थे. वह मुंबई में लोगों को बजाज कंपनी से लोन, इन्वेस्टमेंट, टूर एंड ट्रैवल्स और इंश्योरेंस का झांसा देकर आरोपी के पास भेजते थे. फिर आरोपी उन्हें जाल में फंसाकर एप्लिकेशन फीस, प्रोसेसिंग फीस, रजिस्ट्रेशन और अन्य मदों में पैसे मंगा लेता था.
महाराष्ट्र में भी हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक इस जालसाज के खिलाफ साइबर ठगी के कई मामले महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में भी है. इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर भी इसके खिलाफ बीस से अधिक शिकायतें दर्ज हैं. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2021 से ही साइबर ठगी करता आ रहा है. इसके लिए उसने बजाज टूर एंड ट्रैवल्स नाम से एक कंपनी बनाई. पुलिस के अनुसार, शुभम उसके भाई और बजाज टूर एंड ट्रैवल्स कंपनी के नाम पर दस -दस बैंक एकाउंट खुलवाये गए. इन्हीं बैंक खातों में आरोपी साइबर ठगी के रुपये मंगाता था.