दो पक्षों के बीच फायरिंग में तीसरे को लगी गोली, मौके पर हो गई मौत; दिल दहला देगी ये खूनी जंग

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में दो पक्षों के बीच गोबर डालने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. फायरिंग में घर के बाहर खड़े एक बेकसूर युवक अंकित को गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है. यह घटना कुंदरकी थाना क्षेत्र के खनुपुरा गांव में हुई.

घटना स्थल पर पहुंचे डीएम एसएसपी Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां कुंदरकी थाना क्षेत्र के गांव खनुपुरा में रविवार की सुबह मामूली सी बात पर दो पक्षों में हुए झगड़ा हो गया. देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई. इसी बीच एक तीसरा युवक जो अपने घर के चौखट पर खड़ा था, उसे गोली लग गई. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई है. जबकि उसका एक अन्य साथी आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

मौके पर पहुंचे एसएसपी सतपाल अंतिल ने फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों और घायल पक्ष के बीच गोबर डालने को लेकर कहासुनी हुई थी. देखते ही देखते इस कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. पुलिस ने मृतक अंकित के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़ित और मृतक के परिजनों की तरफ तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

ऐसे भड़का दो पक्षों का विवाद

पुलिस के मुताबिक रविवार की सुबह अचानक दो पक्ष आमने सामने आ गए थे. एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि आरोपी पक्ष के निखिल और विशाल दोनों सगे भाई हैं, जिनका आशीष नाम के युवक के साथ पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था. रविवार की सुबह जब आशीष गोबर डालने के लिए आया तो दोनों भाइयों का उससे फिर से झगड़ा हुआ और देखते ही देखते सगे भाइयों ने आपा खो दिया और मारपीट तथा गोलीबारी शुरू कर दी. इसमें आशीष को गंभीर चोटें आईं है. इस खूनी संघर्ष के दौरान घर की चौखट पर खड़े एक बेकसूर को गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई.

अपने घर की चौखट पर खड़ा था अंकित

एसएसपी के मुताबिक जब दोनों पक्षों के बीच गोलियां चल रही थीं, तब अचानक यह तीसरा युवक अंकित अपने घर के बाहर निकल आया और एक गोली उसे लग गई. इस वारदात के बाद से ही विशाल और निखिल फरार हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. साथ ही दोनों पीड़ित पक्षों (आशीष और मृतक अंकित के परिजनों) से तहरीर लेकर पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है.

Follow Us