‘…संस्कारों का रोना रोते हैं’, अखिलेश के PM को ‘मेहमान’ बताने पर पंकज चौधरी का पलटवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट उद्घाटन पर सपा को 'लूट का ATM' बताया,. इस पर अखिलेश यादव ने मोदी को 'मेहमान' कहकर पलटवार किया, कहा हार दिखने पर इंसान का नियंत्रण खो जाता है. वहीं, अब इसपर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश यादव पर तीखी हमला बोला है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नोएडा के जेवर में बने भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्घाटन किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि सपा की जब सरकार थी तो नोएडा को अपना लूट का एटीएम बना लिया था. इसपर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री को ‘मेहमान’ बताया था.
अखिलेश यादव ने X पर कहा, ‘ हमारे प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं, हम उनको मेहमान मानकर ही सम्मान सहित विदा करेंगे. जाने वालों की बात का बुरा नहीं माना जाता है. जब हार साक्षात् दिखने लगती है तो इंसान को न अपने पद का मान रहता है, न ही अपने कथन पर नियंत्रण.’ अब बीजेपी प्रदेश अध्य़क्ष पंकज चौधरी ने इसपर अखिलेश को सीधा जवाब दिया है.
मेहमान तो वो हैं, जो 5 साल में एक बार चुनाव…
सपा प्रमुख ने यह भी कहा था कि ‘ उम्र और पद का मान करना हमारे संस्कार में है और हमेशा रहेगा.’ केंद्रीय मंत्री और यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तीखा पलटवार किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री को मेहमान बताने वालों, कान खोलकर सुन लो उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का हर घर मोदी का अपना घर है.’
साथ ही कहा, ‘मेहमान तो वो हैं, जो पांच साल में एक बार चुनाव देखकर AC कमरों से बाहर निकलते हैं और हार दिखने पर संस्कारों का रोना रोते हैं.’ उन्होंने हमला करते कहा कि जो कुर्सी जाने के डर से कभी नोएडा की दहलीज लांघने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उसी नोएडा में भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन हुआ है.
आपकी राजनीति पर ‘परमानेंट फुल स्टॉप’ लगाकर…
पंकज चौधरी ने कहा, ‘यह हवाई अड्डा उस ‘डरपोक और भ्रष्ट’ राजनीति के मुंह पर तमाचा है, जिसने नोएडा को सिर्फ अपनी तिजोरियां भरने का जरिया बनाया था. आपकी संकुचित सोच विकास की इस ऊंची उड़ान को कभी समझ ही नहीं पाएगी. रही बात विदाई की, तो 2027 में प्रदेश की जनता आपकी राजनीति पर ‘परमानेंट फुल स्टॉप’ लगाकर आपको ससम्मान घर बैठाने के लिए पूरी तरह तैयार है.’