जेवर में दर्दनाक हादसा, धान रोपाई कर लौट रहे बिहार के 3 मजदूरों को स्कॉर्पियो ने रौंदा; मौके पर मौत

ग्रेटर नोएडा के जेवर में दर्दनाक सड़क हादसे में तीन प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई. ये तीनों बिहार के रहने वाले थे. धान रोपाई कर लौटते समय उन्हें तेज रफ्तार स्कार्पियो ने रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई. यह घटना बुधवार देर रात जेवर-खुर्जा मार्ग पर हुई है.

जेवर में तेज रफ्तार स्कार्पियो ने 3 बिहारी मजदूरों को रौंदा, मौके पर मौत Image Credit:

ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के तीन प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई. तीनों खेतों में धान की रोपाई का काम खत्म कर पैदल अपने ठिकाने लौट रहे थे. इसी दौरान जेवर-खुर्जा मार्ग पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस के मुताबिक, तीनों मृतक बिहार के अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के जमुआ गांव के रहने वाले थे. उनकी पहचान कारण, विश्वजीत और मिथुन के रूप में हुई है. तीनों जेवर क्षेत्र के नीमका गांव में धान की रोपाई का काम करने आए थे. बुधवार रात काम समाप्त होने के बाद वे पैदल वापस लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

चालक स्कॉर्पियो समेत मौके से फरार, जांच तेज

घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने तीनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है.

एडिशनल डीसीपी ने बताया कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस आसपास से अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है ताकि आरोपी की जल्द से जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके, जिसके बाद उसके खिलाफ सख्त कानूनी होगी.

पुलिस का कहना है कि फरार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच जारी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है.

Follow Us