लापरवाही का खौफनाक चेहरा, छुट्टी के बाद 5 घंटे तक स्कूल में बंद रही 8 साल की मासूम

कासगंज के शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है. एक प्राथमिक स्कूल में छुट्टी के बाद 8 साल की मासूम छात्रा 5 घंटे तक कमरे में बंद रही. शिक्षकों ने बंद करते समय ध्यान नहीं दिया. बच्ची के रोते-बिलखते का वीडियो वायरल होने पर परिजनों में आक्रोश है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

स्कूल की लापरवाही, 8 साल की बच्ची 5 घंटे कमरे में बंद

कासगंज जिले से शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है. सहावर विकासखंड के ग्राम खितौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में छुट्टी के बाद कक्षा 3 की एक 8 वर्षीय छात्रा करीब पांच घंटे तक स्कूल के कमरे में बंद रही. बच्ची का रोते-बिलखते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है.

जानकारी के अनुसार, छुट्टी होने के बाद शिक्षक स्कूल में ताला लगाकर चले गए, लेकिन उन्होंने यह तक नहीं देखा कि कोई बच्चा कक्षा में मौजूद तो नहीं है. इधर, जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह स्कूल के बंद कमरे में फंसी हुई है. बंद कमरे में बच्ची लगातार रोती-चीखती रही.

पीड़ित मां ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की

परेशाम परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान को दी, जिन्होंने विद्यालय के शिक्षक को अवगत कराया. इसके बाद स्कूल का ताला खुलवाकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है. उनका आरोप है कि शिक्षकों की घोर लापरवाही के कारण बच्ची की जान भी जा सकती थी. साथ ही थाने में लिखित शिकायत दी है.

पीड़ित मासूम बच्ची की मां ज्ञान भारती ने सहावर कोतवाली में तहरीर देकर जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. जिम्मेदार शिक्षकों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस बीच, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. वीडियो में मासूम बच्ची डरी सहमी नजर आ रही है. बच्ची करीब 5 घंटे तक कमरे में कैद रही और डर के साये में लगातार रोती-बिलखती रही. मदद के लिए आवाज लगाती रही. बच्ची का यह वीडियो काफी स्तब्ध करने वाल है.

Follow Us