चारपाई पर प्रेमी संग नाना ने पकड़ा, नातिन ने डर के मारे कर दी हत्या! गला घोंटकर कुएं में फेंकी लाश

झांसी में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. नाबालिग नातिन और उसके प्रेमी ने 65 वर्षीय नाना की हत्या कर दी. नाना ने उन्हें आपत्तिजनक स्थिति में देखा था, जिसके बाद बदनामी के डर से यह खौफनाक वारदात हुई. बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या के बाद शव कुएं में फेंका दिया गया था.

आपत्तिजनक स्थिति में देखा तो प्रेमी संग नाना की हत्या Image Credit:

झांसी में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां नाबालिग नातिन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 65 साल के नाना की हत्या कर दी. बुजुर्ग ने नातिन को चारपाई पर उसके प्रेमी के साथ घर में देख लिया था. इसके बाद दोनों ने मिलकर उनकी हत्या कर दी और वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव कुएं में फेंक दिया.

शुरुआत में परिवार और ग्रामीणों ने इसे हादसा माना और बुजुर्ग का अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन बाद में खून से सने कपड़ों ने पूरे मामले का राज खोल दिया. मामला झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम छिरौना का है. मृतक की पहचान रामदीन कुशवाहा के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी और 17 वर्षीय नातिन कंचन के साथ रहते थे.

​आपत्तिजनक हालत में देखा, तो बन गए हैवान

पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन 65 वर्षीय बुजुर्ग जब अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी 17 साल की नातिन को उसके प्रेमी विशाल के साथ चारपाई पर एक साथ बैठे देख लिया. लोक-लाज और बदनामी के डर से घबराए प्रेमी जोड़े पर हैवानियत सवार हो गई. नाना कुछ समझ पाते या किसी को बताते, उससे पहले ही प्रेमी ने उनका गला दबा दिया.

​इतना ही नहीं, नातिन ने भी अपने ही नाना पर कोई रहम नहीं दिखाया और भारी पत्थर से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया. सिर फटने और दम घुटने से बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

अंतिम संस्कार भी कर दिया, ऐसे खुला राज

हत्या को हादसा में तब्दील करने के लिए रामदीन के शव को कुएं में फेंक दिया. अगले दिन जब शव बरामद हुआ, तो परिजनों और ग्रामीणों ने इसे एक दुर्घटना माना और बिना किसी शक के बुजुर्ग का अंतिम संस्कार भी कर दिया. लगा कि मामला यहीं रफा-दफा हो गया, लेकिन पाप का घड़ा ज्यादा दिन तक नहीं छिपा रहा.

इस बीच घटना के बाद जब परिवार के लोग घर की सफाई कर रहे थे, तभी उन्हें कंचन के कुछ कपड़े मिले. इन कपड़ों पर खून के निशान थे. परिवार के लोगों ने जब कंचन से इस बारे में पूछताछ की तो मामला संदिग्ध लगा. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस ने पूछताछ की तो कंचन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की बात कबूली.

12 सितंबर को कुएं में मिला था बुजुर्ग का शव

पुलिस के मुताबिक, कंचन ने पूछताछ में बताया कि वह पड़ोस में रहने वाले विशाल से प्रेम करती है. घटना वाले दिन विशाल और कंचन घर थे, लेकिन नाना ने देख लिया था इसलिए ऐसी वारदात को अजाम दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

SP (ग्रामीण) अरविंद कुमार ने बताया कि छिरौना गांव में 12 सितंबर को रामदीन कुशवाहा नाम के बुजुर्ग का शव कुएं में मिला था. पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया है. इसके अलावा घटना के दिन दोनों आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए. इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.

रिपोर्ट- विवेक शर्मा, टीवी9, झांसी

Follow Us