बरेली: फर्जी डिग्री केस में गैंगस्टर शेर अली जाफरी पर एक और FIR, शिक्षिका भी आरोपी

बरेली में फर्जी डिग्री बांटकर करोड़ों कमाने वाले गैंगस्टर शेर अली जाफरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं. कोर्ट के आदेश पर अब जाफरी और शिक्षिका सितारा बी के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है. आरोप है कि 300 से अधिक छात्रों को फर्जी डिग्रियां दी गईं. फीस मांगने पर छात्रों पर झूठे मुकदमे कराए गए.

गैंगस्टर शेर अली जाफरी अपने ही जाल में फंसा Image Credit:

बरेली में फर्जी डिग्री बांटकर छात्रों से करोड़ों रुपये कमाने के आरोपों में घिरे गैंगस्टर शेर अली जाफरी की मुश्किलें अब और बढ़ गई हैं. सीबीगंज थाने में कोर्ट के आदेश पर शेर अली जाफरी और कॉलेज की शिक्षिका सितारा बी के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है. दोनों ने फीस वापस मांगने वाले छात्रों को दबाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराया था.

पूरा मामला खुसरो कॉलेज से जुड़ा है. शाहजहांपुर के कटरा निवासी जफर ने कोर्ट में शिकायत करते हुए बताया कि उन्होंने डी फार्मा कोर्स के लिए कॉलेज में दाखिला लिया था. इसके लिए निर्धारित फीस भी जमा की थी. कोर्स पूरा करने के बाद उन्हें जो डिग्री दी गई, उसे छात्रों ने फर्जी बताया.

300 से ज्यादा छात्रों को फर्जी डिग्री देने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, शेर अली जाफरी पर आरोप है कि उसने अपने गिरोह के लोगों के साथ मिलकर कॉलेज में ही डिग्रियां तैयार कराईं और छात्रों को थमा दीं. आरोप है कि इस तरह 300 से ज्यादा छात्रों को फर्जी डिग्री दी गई. डिग्री फर्जी होने की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों के सामने पढ़ाई और भविष्य को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो गया.

इसके बाद कई छात्रों ने SSP कार्यालय पहुंचकर तत्कालीन एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की. इस पर शेर अली जाफरी और उसके साथियों के खिलाफ सीबीगंज थाने में मुकदमे दर्ज हुए थे. इन मुकदमों में शेर अली जाफरी, उसके बेटे फिरोज और कई अन्य आरोपियों को जेल भी जाना पड़ा था. इन मामलों की सुनवाई अभी कोर्ट में चल रही है.

फीस वापस मांगी तो छात्रों पर कराया मुकदमा

शिकायतकर्ता जफर के मुताबिक, जब छात्रों ने अपनी फीस वापस करने के लिए शेर अली जाफरी से मांग की तो मामला उल्टा छात्रों के खिलाफ कर दिया गया. आरोप है कि जाफरी और शिक्षिका सितारा बी की तरफ से छात्रों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया. छात्रों ने इस मुकदमे को गलत बताते हुए न्यायालय का दरवाजा खटखटाया.

पुलिस ने मामले की विवेचना की तो छात्रों के खिलाफ लगाए गए आरोप सही नहीं पाए गए. जांच के बाद पुलिस ने मामले में अंतिम आख्या लगा दी थी. छात्रों का आरोप था कि जिस मुकदमे के जरिए उन्हें दबाने की कोशिश की गई, उसमें अधिकांश वही छात्र शामिल थे, जो पहले से शेर अली जाफरी के खिलाफ दर्ज मामलों में वादी या पीड़ित थे.

कोर्ट के आदेश पर जाफरी और शिक्षिका पर FIR

पुलिस की जांच में पहले दर्ज कराए गए मुकदमे को गलत पाए जाने के बाद छात्रों ने न्यायालय की शरण ली. अदालत के आदेश के बाद अब सीबीगंज थाने में शेर अली जाफरी और शिक्षिका सितारा बी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है. अब कभी भी गिरफ्तारी हो सकती है.

एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाकर आगे की कार्रवाई करेगी. उन्होंने कहा कि पूर्व में शिक्षिका की ओर से छात्रों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में आरोप निराधार पाए गए थे. अधिकांश छात्र वही थे, जो शेर अली जाफरी के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों में वादी और पीड़ित थे.

Follow Us