पहले रेता बेटे का गला, फिर फंदे से लटककर खुद भी दे दी जान; इतनी सी बात पर हैवान बना पिता
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है. शराब के नशे में धुत एक पिता ने पहले अपने मासूम बेटे का गला रेतकर हत्या कर दी, फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी. यह वारदात घरेलू कलह का नतीजा मानी जा रही है. पत्नी ने आधी रात को इस खौफनाक मंजर का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने खुद अपने ही हाथों पहले अपने बेटे का गला रेत दिया. फिर उसने खुद फंदे से लटककर फांसी लगा ली. यह वारदात झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में ढिमरपुरा गांव का है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. प्राथमिक जांच में वारदात की वजह घरेलू झगड़े के रूप में सामने आई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक ढिमरपुरा गांव में रहने वाला प्रेम सिंह शुक्रवार की देर रात एक शादी समारोह से घर लौटा था. उस समय वह शराब के नशे में धुत था. इसी बात को लेकर उसकी अपनी पत्नी आशा के साथ कहासुनी हो गई. इस विवाद के बाद पत्नी चुपचाप वहां से उठकर सोने चली गई. वहीं थोड़ी देर बाद प्रेम सिंह पत्नी के पास से अपने मासूम बच्चे को उठाकर दूसरे कमरे में ले गया और गला घोंट कर हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुद भी पंखे से लटककर जान दे दी.
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस की पूछताछ में आशा ने बताया कि देर रात तक जब उसका बेटा दूध पीने उसके पास नहीं आया तो उसे आशंका हुई. वह तुरंत दूसरे कमरे में गई, देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था. झांक कर देखने पर पता चला कि बच्चा तो जमीन पर तड़प रहा है, वहीं उसका पति फांसी पर लटका हुआ है. उसने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों शवों को कब्जे में लिया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
शराब की भेंट चढ़ा परिवार
इस घटना से प्रेम सिंह का परिवार उजड़ गया है. पत्नी आशा ने बताया कि पति आए दिन शराब पीकर घर में बवाल करता था. शुक्रवार की रात भी हमेशा की तरह वह शराब पीकर आया और लड़ाई करने लगा. परिवार के अन्य सदस्यों ने भी इस घटना को देखा और पुलिस को बयान दिया है. सीओ सदर रामवीर सिंह के मुताबिक पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है. दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.