‘…महिलाएं ये अंधेरगर्दी देख रही हैं’, गाजीपुर मामले में बोलीं प्रियंका गांधी; सीधे PM मोदी को घेरा

गाजीपुर में नाबालिग निशा विश्वकर्मा की हत्या के बाद राजनीतिक बवाल मचा है. सपा डेलिगेशन पर गांव में हमले के बाद, अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मिलने का ऐलान किया है. वहीं, अब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने सीधे पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए बीजेपी सरकार पर महिला सुरक्षा में विफलता का आरोप लगाया है.

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो) Image Credit:

गाजीपुर में करंडा थाना के कटारिया गांव में 16 साल की निशा विश्वकर्मा के लापता होने और फिर शव मिलने के बाद से बवाल मचा है. नाबालिक की हत्या के मामले ने बड़ा राजनीतिक रूप ले लिया है. सपा डेलिगेशन पर गांव में हमले के बाद, अखिलेश यादव ने पीड़ित परिवार से मिलने का ऐलान किया है. वहीं, अब कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने बीजेपी को घेरा है.

दरअसल, 14 अप्रैल की रात निशा विश्वकर्मा अपने घर से गायब हो गई थी. अगले दिन 15 अप्रैल की सुबह उसका गंगा नदी में शव मिला. परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए दो लोगों पर मुकदमा कराया. मामले में एक आरोपी को जेल भेज दिया गया. वहीं, प्रियंका गांधी ने इस मामले में बीजेपी सरकार पर महिला सुरक्षा में विफलता का आरोप लगाया है.

देश भर की महिलाएं ये अंधेरगर्दी देख रही हैं- प्रियंका

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा, ‘गाजीपुर में एक लड़की की हत्या के मामले में पहले केस दर्ज होने में आनाकानी, फिर पीड़ित परिवार को धमकियां मिलना और दबंगों द्वारा अराजकता फैलाना यह दिखाता कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार चरम पर है. बीजेपी राज में अब यही अघोषित कानून बन गया है कि जब भी किसी महिला पर अत्याचार होता है तो पीड़ित को ही और प्रताड़ित किया जाता है.’

उन्होंने पीएम पर हमला बोलते हुए कहा, ‘महिलाओं को लेकर प्रधानमंत्री जी की बड़ी-बड़ी बातें सिर्फ दिखावा हैं. उन्नाव हो, हाथरस हो, प्रयागराज हो या गाजीपुर, जहां भी महिलाओं के साथ अन्याय हुआ, बीजेपी अपनी पूरी सत्ता के साथ पीड़िता के खिलाफ, अत्याचारी के साथ खड़ी हो गई. देश भर की महिलाएं ये अंधेरगर्दी देख रही हैं.’

29 अप्रैल को गांव में पीड़ित परिवार से मिलेंगे अखिलेश

इससे पहले बीते बुधवार को अखिलेश यादव के निर्देश पर जिला अध्यक्ष और विधायकों की अगुवाई में सपा प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंच था. लेकिन ग्रामिणों, खासकर महिलाओं ने हाथों में लाठी डंडे और हाथों में तख्तियां लेकर उन्हें गांव में घुसने से रोक दिया. जिसके बाद दोनों पक्षों में लाठी डंडे और ईट पत्थर भी चले, घटना में सपा नेता समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

वहीं अब इस घटना के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने 29 अप्रैल को गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलने का ऐलान कर दिया है. इसको लेकर पुलिस विभाग काफी एक्टिव मोड में है. बीते दिन इसी को लेकर करंडा थाना के कटारिया गांव में आईजी वाराणसी और डीआईजी वाराणसी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर जायजा लिया.

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को कोर्ट में परसु कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाई जाने का कार्य किया जाएगा, सभी दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी. इस दौरान इन लोगों ने अराजक तत्वों के ऊपर पथराव करने का आरोप लगाते हुए 10 लोगों की गिरफ्तारी की बात कही. साथ है गांव का माहौल खराब ना करने को लेकर अपील की.

Follow Us