कानपुर में महिला की मौत पर बवाल, रोड जाम; समझाने पहुंची पुलिस पर पथराव, SHO समेत 3 घायल

कानपुर में एक महिला की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर बवाल काटा. एयरपोर्ट रोड पर शव रखकर जाम कर दिया गया. यही नहीं, समझाने पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया, जिसमें SHO और चौकी इंचार्ज के सिर फट गए हैं.

पुलिस पर पथराव; SHO सेत तीन घायल

कानपुर के चकेरी क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद उस समय हालात बिगड़ गए, जब मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एयरपोर्ट रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया. पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बातचीत के बजाय भीड़ अचानक उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया.

पथराव में चकेरी थानाप्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा, महाराजपुर थानाप्रभारी जनार्दन सिंह और अहिरवां चौकी प्रभारी जयवीर सिंह घायल हो गए. तीनों के सिर में चोट लगी है. इनके अलावा कुछ अन्य पुलिसकर्मियों और राहगीरों के भी घायल हुए हैं. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को लाठीचार्ज भी करना पड़ा. साथ ही मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया है.

महिला ने ससुराल में कर ली थी आत्महत्या

मिली जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय माला की करीब आठ साल पहले मुन्ना निषाद से शादी हुई थी. कुछ समय से उसकी तबीयत खराब चल रही थी. परिजनों के अनुसार, माला के ताऊ के बेटे सनी ने उसे दवा दिलाई और करीब तीन बजे उसे ससुराल छोड़कर चला गया. इसी के कुछ देर बाद महिला की संदिग्ध मौत की खबर मिली.

माला के ताऊ के बेटे सनी का कहना है कि माला को घर छोड़ने के करीब एक घंटे बाद उसके बहनोई मुन्ना का फोन आया. उसने बताया कि माला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है. इसके बाद तुरंत मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे. वहां से मामला बढ़ता गया और परिजनों ने पति समेत ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की शुरू कर दी.

पथराव करने वालों की पहचान में जुटी पुलिस

इसके बाद बड़ी संख्या में मायके पक्ष के लोग शव लेकर एयरपोर्ट रोड पर पहुंच गए और पूरा रोड जाम कर दिया. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, आसपास खड़े वाहनों को भी तोड़ा गया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई.

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पथराव में दो थानाप्रभारी और एक चौकी प्रभारी घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि पथराव और तोड़फोड़ करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है, और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. शव का अंतिम संस्कार कराया जा चुका है. पुलिस को तहरीर मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा.

Follow Us