कांस्टेबल ने पहले पोस्ट किया भावुक वीडियो, फिर लगा ली फांसी; कहा- बहुत रो लिया अब हंसते हुए मरूंगा
कानपुर में एक पुलिस कांस्टेबल ने भावुक वीडियो पोस्ट करने के बाद आत्महत्या कर ली. वीडियो में उन्होंने कहा, "बहुत रो लिया, अब हंसते हुए मरूंगा." यह घटना कल्याणपुर क्षेत्र में हुई जहां कांस्टेबल मान महेंद्र यादव अपनी पत्नी के मायके जाने के बाद अकेले रह रहे थे. पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में मंगलवार को एक पुलिस कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो में कांस्टेबल ने कहा कि ‘बहुत रो लिया, लेकिन अब हंसते हुए मरूंगा’. इस वीडियो से महकमे में हड़कंप मचा ही था कि उस कांस्टेबल के सुसाइड की खबर आ गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं वीडियो कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
मामला कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र के श्यामाजीपुरम का है. पुलिस के मुताबिक मूल रूप से मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र के गांव मढ़ेरा निवासी कांस्टेबल मान महेंद्र यादव यहां किराए का घर लेकर रह रहे थे. उनके साथ ही पत्नी कविता और पांच व तीन साल के बेटे के साथ रहते थे. उसने पहले भावुक वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया और फिर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. 2018 बैच का सिपाही मान महेंद्र यादव 13 जून 2025 से किदवई नगर की पीआरवी- 1246 में तैनात थे.
मायके में थी पत्नी
जानकारी के मुताबिक 26 नवंबर को मान महेंद्र की पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके मथुरा (नरौली थाना क्षेत्र के गांव सारपीपुर) चली गई थीं. बताया जा रहा है कि इसके बाद से ही मान महेंद्र का पत्नी से कोई संपर्क नहीं था. इसी बीच मंगलवार की सुबह उसी मकान में किराए पर रहने वाले कल्याणपुर थाने के दरोगा इतेंद्र कुमार अपना हेलमेट लेने सिपाही के कमरे पर पहुंचे. खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से झांका. अंदर मान महेंद्र का शव फंदे से लटक रहा था.
दरवाजा तोड़ कर निकाला शव
इसके दरोगा ने ही पुलिस को सूचना दी. इस सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ कर मान महेंद्र का शव बरामद किया. घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट तो नहीं मिला है, लेकिन उनके सोशल मीडिया एकाउंट पर एक वीडियो मिला है. 13 घंटे पहले पोस्ट किए गए इस वीडियो में वह कह रहे हैं कि “देखना जब मैं मरूंगा न, तो हंसते हुए मरूंगा, क्योंकि जीते जी मैं रोया बहुत हूं.”
