सुबह की पाली में आए थे कठिन प्रश्न, भाभी की जगह परीक्षा में पहुंच गई ननद; ऐसे हुआ खुलासा

कानपुर में CTET परीक्षा में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. सुबह की पाली के कठिन प्रश्नों से घबराकर एक युवती अपनी भाभी की जगह शाम की पाली में परीक्षा देने पहुंच गई. हालांकि, बायोमेट्रिक जांच के दौरान वह पकड़ी गई. पुलिस ने युवती और उसकी भाभी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

भाभी की जगह परीक्षा देने पहुंची ननद Image Credit:

उत्तर प्रदेश में शनिवार को आयोजित CTET की परीक्षा में कई जगह गड़बड़ी की कोशिश का मामला सामने आया है. इसमें एक मामला कानपुर का भी है. यहां एक युवती अपनी भाभी की जगह पर परीक्षा देने पहुंची. उसने चेकिंग स्टॉफ को भाभी की जानकारी देकर पहला अवरोध तो पार कर लिया, लेकिन आगे बॉयोमेट्रिक चेकिंग में पकड़ी गई. इसके बाद इस युवती ने जो खुलासा किया, वह काफी हैरान कर देने वाला था.

दरअसल, कन्नौज की रहने वाली यह युवती और उसकी भाभी साथ सीटेट की तैयारी कर रही थी. शनिवार को दोनों का पेपर था. इसमें युवती का अपना पेपर सुबह की पाली में हुआ. उसका पेपर तो ठीक हुआ था, लेकिन घर आकर जब भाभी ने पूछा तो बताया कि कुछ प्रश्न थोड़े कठिन थे. यह सुनकर युवती की भाभी डर गई. ऐसे में युवती ने उसने दिलासा दिया और उसकी जगह पर खुद परीक्षा देने सेंटर पहुंच गई.

बर्रा था दोनों का सेंटर

जानकारी के मुताबिक युवती और उसकी भाभी दोनों का परीक्षा सेंटर कानपुर के बर्रा स्थित पूर्ण चन्द्र विद्या निकेतन स्कूल में था. सुबह की पाली में युवती चूंकि खुद का एग्जाम देने पहुंची थी, इसलिए उसने सिक्योरिटी चेक आसानी से पूरा कर लिया. वहीं जब शाम को वह अपनी भाभी की जगह पर पेपर देने पहुंची तो बॉयोमेट्रिक जांच में पकड़ ली गई. सेंटर प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस ने युवती और उसकी भाभी के खिलाफ केस दर्ज किया है.

युवती ने किया ये खुलासा

पुलिस की पूछताछ में युवती ने अपनी पहचान कन्नौज में घना पूर्वा लाख में रहने वाले अजब सिंह की बेटी संध्या के रूप में बताया. उसने बताया कि शाम की पाली में उसकी भाभी शिवानी देवी की परीक्षा देने पहुंची थी और पकड़ी गई. कानपुर के डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक सेंटर प्रबंधन की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.