छात्रा ने बांधी DM को राखी, भाई ने निभाया फर्ज; फीस भरी, स्कूल जाने के लिए साइकिल भी दी
कानपुर में रक्षाबंधन के मौके पर एक भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है. जनता दर्शन में कक्षा 12 की छात्रा ने जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की कलाई पर राखी बांधी. छात्रा की आर्थिक स्थिति जानने के बाद डीएम ने भी भाई का फर्ज निभाया. उन्होंने कहा,'तुम पढ़ाई करो, बाकी जिम्मेदारी मेरी'.
कानपुर में रक्षाबंधन पर एक बहन ने जिलाधिकारी की कलाई पर राखी बांधी तो डीएम ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए उसकी पढ़ाई की राह आसान कर दी. जनता दर्शन में अपनी मां के साथ पहुंची कक्षा 12 की छात्रा इशु यादव ने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी. उसकी आर्थिक स्थिति जानने के बाद डीएम ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए उसकी मदद का जिम्मा उठाया.
आर्थिक तंगी के बीच पढ़ाई कर रही इशु
नौबस्ता के आवास विकास हंसपुरम निवासी ललिता यादव अपनी बेटी इशु के साथ कलेक्ट्रेट पहुंची थीं. उन्होंने जनता दर्शन में डीएम को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहा है. उनके पति प्रागी लाल यादव का 2017 में निधन हो चुका है. परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं. एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों बेटे अलग रहते हैं और आर्थिक रूप से कोई खास मदद नहीं मिलती.
ललिता घरों में चौका-बर्तन कर किसी तरह परिवार का खर्च चलाती हैं. इसी आमदनी से वह बेटी इशु की पढ़ाई का खर्च भी उठा रही हैं. आर्थिक तंगी के कारण इशु की स्कूल फीस कई महीनों से जमा नहीं हो पाई थी. करीब 29 हजार रुपये की फीस बकाया हो चुकी थी. मां को चिंता थी कि कहीं पैसों की कमी के कारण बेटी की पढ़ाई रुक न जाए.
डीएम ने भरवाई फीस, साइकिल भी दिलाई
इशु नौबस्ता स्थित केपी वाईजन सहयोगी इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है और पढ़ाई में मेधावी बताई गई है. मां की समस्या सुनने के बाद डीएम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य से बात की. इसके बाद बकाया फीस की आधी राशि स्वयं जमा कराई गई, जबकि शेष आधी फीस प्रधानाचार्य से बातचीत कर माफ कराई गई.
डीएम ने इशु से उसकी पढ़ाई और स्कूल आने-जाने के बारे में भी जानकारी ली. पता चला कि उसका घर स्कूल से करीब दो किलोमीटर दूर है. आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए डीएम ने उसके लिए साइकिल खरीदवाई. गुरुवार को इशु को साइकिल मिल गई और वह उसी से स्कूल से घर लौटी.
राखी बांधकर बताया IAS बनने का सपना
रक्षाबंधन के मौके पर इशु ने डीएम की कलाई पर राखी बांधी और अपना सपना भी बताया. उसने कहा कि वह आगे चलकर आईएएस अधिकारी बनना चाहती है. छात्रा की बात सुनकर डीएम ने उसका हौसला बढ़ाया और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
यही नहीं, कानपुर डीएम ने इशु के IAS बनने के सपने को आगे बढ़ाने के लिए डिप्टी कलेक्टर ज्योति शर्मा को उसकी मेंटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी है. वह इशु की पढ़ाई में मार्गदर्शन करेंगी और जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगी. रक्षाबंधन पर राखी के इस रिश्ते ने इशु के लिए मदद का नया रास्ता खोल दिया.