तंत्र-मंत्र के नाम पर बहू से हैवानियत, पति ने निर्वस्त्र कर पूजा में बैठाया; जांच में जुटी कानपुर पुलिस
कानपुर में तंत्र-मंत्र और दहेज के नाम पर एक विवाहिता से अमानवीय क्रूरता का मामला सामने आया है. पीड़िता का आरोप है कि उसके पति और अन्य ससुरालियों ने उसे निर्वस्त्र कर पूजा में बिठाया और दहेज के लिए प्रताड़ित किया. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां तंत्र मंत्र के नाम पर एक विवाहिता को निर्वस्त्र किया गया और उसी हाल में पूजा में बैठाया गया. पीड़िता ने इस संबंध में पुलिस में तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अपनी तहरीर में पीड़िता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है. यह घिनौनी वारदात कानपुर में सचेंडी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की है.
पुलिस को दिए तहरीर में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 6 मार्च 2024 को पांडु नगर में रहने वाले कौतुक मिश्रा के साथ हुई थी. इस परिवार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की रिश्तेदारी भी है. इस शादी के वक्त उसके पिता ने अपने सामर्थ्य से बढ़कर दान दहेज दिया था. इसमें एक करोड़ से अधिक कीमत के कार, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान शामिल हैं. इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग बढ़ती गई. अब ससुरालीजन दहेज में मकान, एक किलो सोना और नकद राशि की मांग कर रहे थे.
प्रथा के नाम पर शर्मनाक हरकत
पीड़िता का आरोप है कि ससुराल में तंत्र-मंत्र के नाम पर अजीब प्रथाएं अपनाई जाती थीं. देर रात चलने वाली कथित पूजा में उसे जबरन शामिल किया जाता था. इसके लिए खुद उसके पति और ससुर पहले उसे निर्वस्त्र करते थे और जबरन ले जाकर पूजा में बैठाते थे. विरोध करने पर उसके मारपीट व मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी. पीड़िता के मुताबिक ससुराल में परिवार के ही कुछ सदस्यों द्वारा उसके साथ अमर्यादित व्यवहार भी किया गया. यही नहीं, उसे हमेशा डर और भय के माहौल में रखा गया.
मायके आने के बाद पुलिस में शिकायत
पीड़िता ने बताया कि एक साल तक बुरी तरह प्रताड़ना झेलने के बाद साल 2025 में वह मायके लौटी. यहां उसने अपने माता-पिता के सामने सारा दर्द बयां किया. इसके बाद परिजनों के साथ पुलिस में आकर लिखित शिकायत दी. इस शिकायत के साथ करीब तीन महीने की भागदौड़ के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है. पीड़िता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि ससुरालियों ने उसका स्त्रीधन, जिसमें कीमती जेवरात शामिल हैं, अपने पास रख लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.