सांसद हमारे ताऊ लगते हैं… कानपुर में फॉर्च्यूनर सवार की गुंडागर्दी, पुलिस को भी धमकाया

कानपुर के ग्रीन पार्क में एक फॉर्च्यूनर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मारी, फिर मारपीट कर अपहरण का प्रयास किया. ट्रैफिक पुलिसकर्मी के हस्तक्षेप पर चालक ने कथित तौर पर सांसद का नाम लेकर धमकाया. पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जारी है.

कानपुर ग्रीन पार्क: सांसद का नाम लेकर पुलिस को धमकाया Image Credit:

एक फिल्म में आपने सुना होगा ‘चाचा विधायक है हमारे’. कुछ ऐसा ही मामला कानपुर के ग्रीन पार्क चौराहे पर रविवार को देखने को मिला. जब एक फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी धमकाने का प्रयास किया गया.

फॉर्च्यूनर सवार दबंगों ने बाइक वाले युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया. घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की. लेकिन दबंगों ने उन पर भी कथित तौर पर एक सत्ताधारी दल के सांसद का नाम लेकर दबाव बनाने और धमकाने का प्रयास किया.

कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फॉर्च्यूनर सवार दबंगों ने बार-बार सांसद से अपने संबंधों का हवाला देते हुए पुलिस कार्रवाई रोकने की कोशिश करते रहे. स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने तत्काल कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी. लेकिन जब तक अतिरिक्त पुलिस बल के मौके पर पहुंचते, उससे पहले ही फॉरच्यूनर सवार मौके से वाहन लेकर फरार हो गए.

बीच सड़क दबंगई की इस घटना के बाद ग्रीन पार्क चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. स्थानीय लोगों में बीच सड़क हुई मारपीट और पुलिसकर्मी को खुलेआम धमकाए जाने की घटना चर्चा का विषय बन गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रैफिक पुलिस हस्तक्षेप नहीं करती तो मामला और गंभीर हो सकता था.

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

वहीं, घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें फॉर्च्यूनर सवार ‘सांसद को जानते हो, ताऊ लगते है हमारे…’ कहकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को धमकी देते नजर आ रहा है. सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके.

साथ ही मामले में शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Follow Us