ठाकुर हूं मैं… HDFC बैंक में ग्राहकों पर भड़की महिला कर्मचारी, कर दी गालियों की बौछार; VIDEO वायरल
कानपुर के HDFC बैंक में एक महिला कर्मचारी ने ग्राहक से जातिगत टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज की. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कर्मचारी महिला ग्राहक को अपनी जाति बताते हुए धमकी देती दिख रही है. बैंक के अन्य कर्मचारियों ने उसे शांत कराया. इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में एक महिला कर्मचारी की गुंडई देख हर कोई दंग रह गया. यह महिला कर्मचारी बैंक में अपने काम से आई महिला ग्राहक पर भड़क रही है. उसे अपनी जाति बताते हुए गाली गलौज करते हुए धमका रही है. इस घटना का वीडियो इस समय सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है. शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी.
मामला कानपुर के पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा का है. इस शाखा में एक महिला अपने पति के साथ किसी काम से आई थी. वह काउंटर के पीछे बैठी महिला कर्मचारी को उसने अपना काम बताया ही था कि महिला कर्मचारी भड़क गई. वह तुरंत अपनी सीट से खड़ी हो गई और महिला ग्राहक के साथ गाली गलौज करते हुए धमकाने लगी. उसने अपना लैपटॉप उठा लिया और फेंक कर मारने की धमकी देते हुए अपनी जाति बताने लगी. कहा कि वह किसी की बकलोली बर्दाश्त नहीं करेगी.
साथी कर्मचारियों ने शांत कराया
यह महिला कर्मचारी जब ग्राहक पर भड़क रही थी तो बैंक के बाकी कर्मचारी भी वहां पहुंच गए. इन कर्मचारियों ने महिला को बड़ी मुश्किल से शांत कराया. इस दौरान बैंक में मौजूद किसी अन्य ग्राहक ने पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद कर लिया. घटना शुक्रवार की बताई जा रही है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो पर आरोपी महिला का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन महिला ने मीडिया से कोई बात नहीं की.
इस बात पर भड़की महिला
जानकारी के मुताबिक पहले महिला ग्राहक का पति काउंटर पर आया और इस महिला कर्मचारी से कोई कंप्लेंट किया. इस बात पर महिला भड़क गई तो महिला ग्राहक ने अपने पति को काउंटर से हटाकर खुद आगे आई और अपनी समस्या बताने का प्रयास किया. इस बात पर महिला कर्मचारी और ज्यादा भड़क गई. यही नहीं, उसने खुद को अपनी जाति बताते हुए कहा कि वह जाकर पहले अपने पति को समझाए.