बिठूर की माटी से IIT ने बनाई अनोखी गुल्लक; CM योगी भी बोले- बेहद खूबसूरत, इसे आगे बढ़ाएं

IIT कानपुर और बिठूर के कुम्हारों के सहयोग से पारंपरिक गुल्लकों को आधुनिक रूप दिया गया है. मुख्यमंत्री योगी ने बिठूर की मिट्टी से बनी, IIT तकनीक से निखरी इस 'गुल्लक' पहल की सराहना की. यह एक अनूठा 'कानपुर मॉडल' है, जिसे डीएम कानपुर ने सीएम योगी को भेंट किया.

CM योगी को भेंट की गई खास गुल्लक Image Credit:

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक नगरी कानपुर अब अपनी पारंपरिक कला और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम के लिए चर्चा में है. गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कानपुर दौरे के दौरान जिला प्रशासन द्वारा उन्हें एक बेहद विशेष उपहार भेंट किया गया. कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को बिठूर की मिट्टी से बनी और IIT तकनीक से निखरी एक बेहद आकर्षक ‘गुल्लक’ भेंट की.

यह गुल्लक केवल एक उपहार नहीं, बल्कि स्थानीय रोजगार और नवाचार का एक बड़ा प्रतीक बनकर उभरी है. इस सराहनीय पहल के पीछे IIT कानपुर के ‘रणजीत सिंह रोजी शिक्षा केंद्र’ का विजन और बिठूर के स्थानीय कुम्हारों की कड़ी मेहनत है. बिठूर की मिट्टी से बनी इस अनोखी गुल्लक देख सीएम योगी भी बोले- बेहद खूबसूरत, इसे आगे बढ़ाएं.

डिजाइन ही नहीं, पैकेजिंग का भी प्रशिक्षण दे रहा IIT

IIT कानपुर के विशेषज्ञ बिठूर की पारंपरिक माटी कला को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए काम कर रहे हैं. पारंपरिक और साधारण दिखने वाली मिट्टी की गुल्लकों को अब एक नया और आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है. बच्चों को आकर्षित करने के लिए इन्हें विभिन्न कार्टून किरदारों, पशु-पक्षियों और समकालीन डिजाइनों में ढाला जा रहा है.

साथ ही, इन पर बेहतरीन और सुरक्षित रंगों का उपयोग किया जा रहा है. IIT कानपुर के विशेषज्ञ स्थानीय कुम्हारों को सिर्फ डिजाइन ही नहीं, बल्कि आधुनिक निर्माण तकनीकों, उत्पादों की मजबूती और सुरक्षित पैकेजिंग का भी प्रशिक्षण दे रहे हैं, ताकि ये उत्पाद बिना टूटे दूर-दराज के बाजारों तक पहुंच सकें. यह बचपन से ही अपनी संस्कृति से जुड़ा रहा है.

अच्छी पहल, बढ़ावा मिलना चाहिए… बोले CM योगी

​सीएम योगी के दौरे के दौरान डीएम द्वारा यही गुल्लक भेंट की गई. इस अनोखे उपहार को देखकर सीएम योगी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह पाये. उन्होंने डीएम से कहा कि वाकई यह अच्छी पहल है और इसको और ज्यादा बढ़ावा मिलना चाहिए. डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम के लिए यह उपहार कला, संस्कृति और आधुनिकता का संगम है.

उन्होंने कहा कि गुल्लक सदियों से हमारे घरों की पहचान रही है, इसमें ऐतिहासिक बिठूर की मिट्टी का प्रयोग किया गया है और आईआईटी कानपुर जैसी संस्था में इसको बनाया गया है. इसके अलावा, ​बिठूर के कुम्हारों के इस हुनर को बड़े पैमाने पर बाजार देने और प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए कानपुर जिला प्रशासन ने एक अनुकरणीय फैसला लिया है.

सरकारी कार्यक्रमों में गुल्लकों को भेंट किया जाए

डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार, अब जिले के सभी सरकारी कार्यक्रमों में मुख्य अतिथियों का स्वागत बुके (गुलदस्ते) या प्लास्टिक के स्मृति चिन्ह देकर नहीं, बल्कि बिठूर की मिट्टी से बनी इन्हीं खूबसूरत गुल्लकों को भेंट करके किया जाएगा.
मुख्यमंत्री योगी ने भी प्रशासन और आईआईटी कानपुर के इस अभिनव प्रयास की सराहना की है.

Follow Us