कानपुर में फूड सेफ्टी टीम का छापा, विशाल भारत इंडस्ट्री सील; 8600 लीटर एक्सपायर्ड सॉस-शरबत नष्ट

कानपुर के जाजमऊ की विशाल भारत इंडस्ट्री पर बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने 8600 लीटर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री (सिरप, शरबत, सॉस) जब्त कर नष्ट किया, और फैक्ट्री को सील कर दिया है. यह प्रशासन की मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ी चेतावनी है, जिससे कारोबारियों में हड़कंप मचा है.

कानपुर में मिलावट पर कार्रवाई: विशाल भारत इंडस्ट्री सील Image Credit:

कानपुर में मिलावटखोरों और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी क्रम में जाजमऊ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ‘विशाल भारत इंडस्ट्री’ पर शिकंजा कसा है. जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के कड़े आदेशों पर विभाग की टीम ने मौके से भारी मात्रा में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त कर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया.

प्रशासन की इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है. ​आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशाल भारत इंडस्ट्री के परिसर से भारी मात्रा में एक्सपायर्ड सिरप, शरबत, क्रश और सॉस बरामद किया. जब्त की गई कुल तरल खाद्य सामग्री की लगभग 8,600 लीटर आंकी गई है.

कर्मचारी और जिम्मेदार लोग मौके से फरार

​खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम जब भारी पुलिस बल के साथ जाजमऊ स्थित फैक्ट्री परिसर में छापेमारी के लिए पहुंची, तो वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया. टीम को देखते ही फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी और जिम्मेदार लोग मौके से फरार होने में कामयाब रहे. अधिकारियों ने साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ रोकने के लिए तत्काल विनिर्माण यूनिट को सील कर दिया है.

साथ ही बरामद किए गए इस असुरक्षित स्टॉक को तुरंत जब्त कर नगर निगम के भवती डंपिंग ग्राउंड भिजवाया गया, जहां अधिकारियों की देखरेख में इसे पूरी तरह नष्ट कर मलबे में तब्दील कर दिया गया. बताया जा रहा है कि नष्ट की गई इस सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹2,32,200 बताई जा रही है. यह मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा कार्रवाई है.

टीम को 198 किलोग्राम संदिग्ध अचार भी मिला

​इसके अलावा, परिसर की सघन तलाशी के दौरान टीम को 198 किलोग्राम संदिग्ध अचार भी मिला, जिसे मौके पर ही सीज कर दिया गया. अधिकारियों ने इस अचार के नमूने एकत्र कर उन्हें विस्तृत जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला (लैब) भेज दिया है. अपर खाद्य आयुक्त संजय प्रताप सिंह ने बताया कि फैक्ट्री के फरार संचालकों को नोटिस जारी किया जा रहा है.

संजय प्रताप सिंह ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. लैब रिपोर्ट आने के बाद फैक्ट्री के फरार संचालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा.

Follow Us