‘सुनो! तुमको हमने बेच दिया है…’, 2 लाख नहीं मिले तो कर दिया पत्नी का सौदा, चार दोस्तों को बेचा
कानपुर में एक पति पर अपनी पत्नी को 4 अज्ञात लोगों को बेचने और उनसे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने का आरोप लगा है. फिलहाल, पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
कानपुर से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां कैंट थाना क्षेत्र में रहने वाले एक शख्स पर अपनी पत्नी से दहेज के तौर पर 2 लाख रुपये और पल्सर बाइक की डिमांड करने और फिर चार अज्ञात व्यक्तियों के हाथों ‘बेचने’ का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता ने अपने पति पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
जबरन शारीरिक संबंध बनाने के दबाव का भी आरोप
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि पति ने 2 लाख रुपये और पल्सर बाइक की डिमांड, जिसे मैं पूरा नहीं कर पाई. ऐसे में उसके पति ने चार अज्ञात व्यक्तियों के हाथों बेच दिया. इतना ही नहीं पति ने उन लोगों के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव भी डाला. जब मैंने विरोध किया तो मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की धमकी दी.
शादी के बाद से ही पति करता था प्रताड़ित-पीड़िता
पीड़िता कल्याणपुर क्षेत्र की रहने वाली है. उसकी शादी कैंट थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति से हुई थी. पीड़िता के मुताबिक शादी के कुछ महीनों बाद ही पति की ओर से मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना शुरू हो गई. सितंबर 2025 में पति ने अचानक 2 लाख रुपये नकद और एक पल्सर बाइक की मांग रखी.
‘पति की डिमांड नहीं पूरा करने पर बढ़ गई क्रूरता’
महिला ने बताया कि उसके पास इतनी बड़ी रकम जुटाने की क्षमता नहीं थी, जिसके चलते पति का व्यवहार और भी क्रूर हो गया. वह बार-बार उसे मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाने की धमकियां देने लगा. स्थिति तब और भयावह हो गई जब पति घर में अज्ञात लोगों को आमंत्रित करने लगा .इन व्यक्तियों को शराब पिलाकर वह उसे उनके साथ शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता था.
‘4 अज्ञात लोगों से संबंध बनाने के लिए डाला दबाव’
पीड़िता के मुताबिक 27 सितंबर 2025 की रात को आरोपी पति चार अज्ञात लोगों को घर लेकर आया. उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उसने पत्नी को इन लोगों के हाथों बेच दिया है. अब उसे उनके साथ संबंध स्थापित करने होंगे, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे.
‘विरोध करने पर मारपीट की और कमरे में किया बंद
पीड़िता बताया कि जब उसने इसका कड़ा विरोध किया, तो पति ने उसे पूरे दिन एक कमरे में बंद कर दिया.उसे भूखा-प्यासा रखा. बाहर से लगातार धमकियां दी जाती रहीं कि “आज रात तुझे जलाकर मार देंगे.” इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई, जिससे उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई.
पीड़िता के भाई से भी पति ने की धक्का-मुक्की
पीड़िता के मुताबिक उसने किसी तरह इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी. उसका भाई तुरंत मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपी पति ने उसे धक्का देकर घर से बाहर कर दिया. स्थिति बेकाबू होते देख पीड़िता ने 112 इमरजेंसी नंबर पर कॉल कर दिया. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर कैंट थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच चल रही है .तथ्यों की पुष्टि के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
