कानपुर पुलिस का कारनामा, वीडियो में दिखा रईसजादा फिर भी अज्ञात पर केस, फजीहत के बाद जोड़ा नाम
कानपुर पुलिस ने एक गजब का कारनामा किया है. दरअसल, यहां शिवम मिश्रा नाम के युवक ने लैम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को रौंद दिया. लेकिन अब पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. जबकि, वायरल वीडियोज में साफ-साफ शिवम लैम्बोर्गिनी कार में मौजूद दिख रहा है. साथ ही बाउंसर उसे कार का शीशा तोड़ लैम्बोर्गिनी से निकालते हुए भी दिख रहे हैं.
कानपुर में एक रईसजादे शिवम मिश्रा ने अपनी लग्जरी लैम्बोर्गिनी कार से 6 लोगों को रौंद दिया. इस रईसजादे के पिता केके मिश्रा बड़े तंबाकू कारोबारी हैं. शायद वह इसी रसूख के सहारे अपने बेटे को बचाने कोशिश कर रहे हैं. शुरुआत में पुलिस ने इस हादसे की जिम्मेदारी अज्ञात पर डाल दी थी, लेकिन बाद में फजीहत होने के बाद एफआईआर में शिवम मिश्रा का नाम जोड़ा गया. फिलहाल, शिवम मिश्रा के खिलाफ पुलिस ने जांच की बात कही है.
वीडियोज में दिख रहा शिवम फिर भी अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
थाना ग्वालटोली पुलिस ने हमले में घायल तौफीक की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. लोगों का कहना है कि हादसे के बाद वायरल वीडियोज में साफ दिख रहा है कि फॉर्च्यूनर सवार कुछ बाउंसर आते हैं और मौके पर लैंबॉर्गिनी का शीशा तोड़कर आरोपी शिवम मिश्रा को गाड़ी से निकाल कर ले जा रहे हैं. ऐसे में पुलिस शिवम का नाम मुकदमे में शामिल ना करना क्या दर्शाता है?
कई नेता भी शिवम मिश्रा की कर रहे हैं पैरवी
कहा जा रहा है कि कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा को बचाने में कानपुर की पुलिस तो लगी हुई है. इसके अलावा कई सफेदपोश भी उसकी तरफ से पैरवी कर रहे हैं. इसके अलावा ग्वालटोली थाने में कार को ढक कर छिपा दिया गया था. लेकिन मीडिया में खबर वायरल होने के बाद पुलिस को उसपर से कवर हटाना पड़ा. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस 6 लोगों के रौंदने के आरोपी रईसजादे को क्यों बचाने की कोशिश कर रही है.साथ ही पीड़ितों के परिवार को धमकाने वाले केके मिश्रा के बाउंसरों पर भी कोई कार्रवाई क्यों नहीं की.
कानपुर पुलिस के कमिश्नर ने सफाई
अज्ञात के खिलाफ मुकदमे की खबर वायरल होने के कानपुर पुलिस के कमिश्नर ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि एफआईआर में शिवम मिश्रा का नाम जोड़ा जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी स्वीकारा है कि हादसे वाली गाड़ी केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा ही चला रहा था. उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई करेगी.
पिता पर हुई थी इनकम टैक्स की रेड
केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा महंगी कारों का शौकीन बताया जाता है. शिवम के पिता पर मार्च 2024 में इनकम टैक्स की रेड हुई थी. इस दौरान शिवम के पास से 100 करोड़ से ज्यादा की कारें मिली थीं. उसकी दिल्ली की कोठी से 16 करोड़ की रॉल्स रॉयस के अलावा लैम्बोर्गिनी, फरारी और मैकलॉरेन कारें मिली थीं. शिवम मिश्रा ने अपने बर्थडे में करोड़ों रुपये खर्च कर बॉलीवुड अभिनेताओं को भी बुलाया था.
शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा पर इनकम टैक्स के रेड के दौरान 150 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी गई थी. साथ ही रेड में इनकम टैक्स ने 12 करोड़ की घड़ियां, 7 करोड़ की ज्वेलरी, 60 करोड़ की कारें, 7 करोड़ कैश, 200 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी के दस्तावेज जब्त किए थे. कहा जा रहा है केके मिश्रा अपने बेटे के चलते ही इनकम टैक्स की रडार पर आया था.