ट्रेन में पीछा, मजार ले जाकर मारपीट और धर्म परिवर्तन का दबाव! कानपुर में हिंदू युवक का सुसाइड से पहले का वीडियो वायरल
कानपुर में एक युवक ने बुधवार यानी 28 जनवरी को सुसाइड कर लिया. मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाया था. वह वीडियो अब जाकर सामने आया है. इस वीडियो में युवक ने कहा है कि उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है. इसलिए वह अपनी जान दे रहा है.
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में सुसाइड का मामला सामने आ रहा है. सुसाइड करने वाले शख्स का नाम दीपक बताया जा रहा है. फांसी लगाने से पहले उसने अपने मोबाइल में वीडियो भी बनाया है. इस वीडियो वह कहता नजर आ रहा है कि मेरा नाम दीपक सिंह गौर है. मेरा जबरन धर्म परिवर्तन किया जा रहा है. मैं परेशान हूं. वीडियो में वह मादक पदार्थों को भी धर्म परिवर्तन की वजह बता रहा है. वह यह कहते दिख रहा कि भारत में धर्म परिवर्तन गांजा करा रहा है.साथ ही वीडियो के अंत में उसने माफी मांगते हुए कहा कि मैं माफी चाहूंगा, मैने बहुत गलतियां की.
फिलहाल पुलिस इस वीडियो की गहनता से जांच कर रही है. वहीं, परिजनों ने इस मामले की जांच करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. परिजन का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के निशान है. वीडियो सामने आने के बाद लग रहा है कि उसके साथ किसी ने धर्म परिवर्तन के नाम पर मारपीट की है.
बहन को बताई थी धर्म परिवर्तन को लेकर दबाव की बात
युवक की बहन निशा सिंह ने बताया कि 26 जनवरी को उसका भाई दीपक अपनी छोटी बहन के घर लखनऊ गया था. यहां पर उसने बहन को कुछ बातें बताई. उसने कहा था कि ट्रेन में उसके पीछे कुछ लोग पड़ गए थे जो धर्म परिवर्तन करने का लालच दे रहे थे. वे उसे लखनऊ के चारबाग के पास एक मजार ले गए थे. उसके साथ वहां मारपीट भी की गई.
दीपक को भूत दिखते थे- परिजन
पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. बता दें कि बीते बुधवार को दीपक ने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी थी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. तब परिजनों बताया था कि दीपक का मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ था. उसे भूत दिखते थे. उन्होंने बताया था दीपक कहता था यह घर छोड़ दो यहां पर भूत हैं.
तीन-चार दिनों से तनाव में था दीपक
दीपक के भाई मोहित ने बताया कि तीन-चार दिनों से वह बेहद तनाव में था. लेकिन उसकी बहकी-बहकी बातें लोगों को समझ में नहीं आ रही थी. बुधवार यानी 28 जनवरी को जब वह घर पर अकेला था तो उसने फांसी लगा लिया. इसके बाद मां ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया. लेकिन उसने नहीं खोला. मां ने मुझे सूचना दी. जब मैं घर पहुंचा और दरवाजे के ऊपर लगी खिड़की से झांका तो देखा दीपक. लेकिन अब एक दिन बाद उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर मिले इस वीडियो ने शक बढ़ा दिया है..
