14 दिनों के न्यायिक रिमांड पर भेजा गया लैंबॉर्गिनी से 6 लोगों को रौंदने वाला शिवम मिश्रा
तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा ने 08 फरवरी को शहर के वीआईपी रोड पर कई लोगों को टक्कर मार दी थी. अब पुलिस ने उसे 4 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है.
कानपुर में लैंबॉर्गिनी से 6 लोगों को रौंदने वाले शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है. कोर्ट ने शिवम को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा ने 08 फरवरी को शहर के वीआईपी रोड पर कई लोगों को टक्कर मार दी थी.
घटना के वक्त वायरल वीडियो में साफ दिख रहा था कि गाड़ी शिवम मिश्रा ही चला रहा था. लेकिन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. हालांकि, बाद में पुलिस ने खुद स्वीकार किया कि प्रारंभिक जांच में शिवम मिश्रा ही गाड़ी चलाते हुए पाया गया. ऐसे में बाद में उसका नाम भी एफआईआर में जोड़ दिया गया.
शिवम मिश्रा के पिता का दावा-बेटा नहीं चला रहा था गाड़ी
10 फरवरी को शिवम मिश्रा के पिता और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा ग्वालटोली थाने पहुंचे. उन्होंने दावा किया कि हादसे के समय बेटा शिवम नहीं, बल्कि ड्राइवर मोहन गाड़ी चला रहा था. केके ने कहा, “शिवम उस वक्त सो रहा था. हादसे के बाद कार लॉक हो गई, जिससे बेटे की तबीयत बिगड़ गई. ठीक होने पर मैं खुद उसे थाने लेकर आऊंगा.” केके ने दावा किया था कि शिवम के दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती है.
ड्राइवर मोहन कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था
11 फरवरी को शिवम मिश्रा की तरफ से उसका ड्राइवर मोहन भी कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था. उसने मीडिया से बातचीत में ये स्वीकार किया था कि हादसे वाली लैंबॉर्गिनी को शिवम नहीं बल्की वह खुद चला रहा था. शिवम गाड़ी में बैठा हुआ था. तभी ये हादसा हो गया. जब शीशा तोड़ा और दरवाजा खोला गया, तो मैं नीचे से निकल गया. बाउंसर ने शिवम को निकाला. हादसे के बाद मैं कोने में खड़ा हो गया था और शिवम को दूसरी गाड़ी में ले जाया गया.
कोर्ट ने ड्राइवर मोहन की अर्जी को खारिज किया
कोर्ट ने ड्राइवर मोहन की अर्जी खारिज कर दी और उसे आरोपी नहीं माना. कोर्ट ने कहा- पुलिस रिपोर्ट में आरोपी शिवम है, मोहन का कहीं नाम नहीं है. वहीं, पुलिस का दावा भी शिवम मिश्रा पिता और ड्राइवर के बयान से अलग है. पुलिस का कहना है प्रारंभिक जांच और घटना के वक्त के वीडियोज की जांच के बाद ये सामने आया है कि हादसे वाली लैंबॉर्गिनी कार को शिवम मिश्रा ही चला रहा था.