60 करोड़ की कारें, 12 करोड़ की घड़ियां… लैम्बोर्गिनी से रौंदने वाले शिवम मिश्रा के पिता पर IT की रेड में क्या-क्या मिला था?
कानपुर में लैम्बोर्गिनी से 6 लोगों को रौंदने वाले शिवम मिश्रा के पिता और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा पर 2024 में इनकम टैक्स की रेड हो चुकी है. उस दौरान अधिकारियों ने उसकी 150 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी थी. साथ ही रेड में इनकम टैक्स ने 12 करोड़ की घड़ियां, 7 करोड़ की ज्वेलरी, 60 करोड़ की कारें, 7 करोड़ कैश, 200 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी के दस्तावेज बरामद किए थे.
कानपुर में एक युवक ने लैम्बोर्गिनी से 6 लोगों को रौंद दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. कार चालक को भी मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया. फिलहाल, पुलिस ने लैम्बोर्गिनी कार को जब्त कर लिया है.
तंबाकू कारोबारी का बेटा चला रहा था कार
हादसे में पकड़ी गई दिल्ली नंबर की काली रंग की लैम्बोर्गिनी कार स्वरूप नगर निवासी और तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के नाम पर रजिस्टर्ड है. हादसे के वक्त लग्जरी गाड़ी को उसका बेटा शिवम मिश्रा चला रहा था. पीड़ितों ने ग्वालटोली थाने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है. साथ ही केके मिश्रा के बाउसरों पर परिजनों को धमकी देने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है.
यह हादसा 08 फरवरी यानी रविवार को दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर VIP रोड पर रेव-3 के पास हुआ. शिवम ने अपनी लैम्बोर्गिनी कार से सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारी . फिर एक बुलेट में जाकर भिड़ गया. बुलेट चालक कई फीट ऊपर उछल कर नीचे गिरा. इस दौरान लैम्बोर्गिनी का पहिया बुलेट पर चढ़ गया.
रेड में शिवम मिश्रा के पास मिली थीं 100 करोड़ की कारें
केके मिश्रा का बेटा शिवम मिश्रा महंगी कारों का शौकीन बताया जाता है. शिवम के पिता पर मार्च 2024 में इनकम टैक्स की रेड हुई थी. इस दौरान शिवम के पास से 100 करोड़ से ज्यादा की कारें मिली थीं. उसकी दिल्ली की कोठी से 16 करोड़ की रॉल्स रॉयस के अलावा लैम्बोर्गिनी, फरारी और मैकलॉरेन कारें मिली थीं. शिवम मिश्रा ने अपना बर्थडे बेहद धूमधाम से मनाया था. इस दौरान उसने कई बॉलीवुड अभिनेताओं को भी बुलाया था. इसके लिए उसने करोड़ों रूपये खर्च किए. इसके बाद वह इनकम टैक्स की रडार पर आ गया था.
पकड़ी गई थी केके मिश्रा की 150 करोड़ की टैक्स चोरी
शिवम मिश्रा के पिता केके मिश्रा पर इनकम टैक्स के रेड के दौरान 150 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी गई थी. साथ ही रेड में इनकम टैक्स ने 12 करोड़ की घड़ियां, 7 करोड़ की ज्वेलरी, 60 करोड़ की कारें, 7 करोड़ कैश, 200 करोड़ से ज्यादा प्रॉपर्टी के दस्तावेज जब्त किए थे.
पुलिस पर उठने लगे सवाल
इन सबके बीच यह बात सामने आ रही है कि पुलिस ने इस हादसे को लेकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है. जबकि वीडियोज में आरोपी शिवम मिश्रा को गाड़ी से निकाल कर बाउंसर्स अपने साथ ले जाते दिख रहे हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि पुलिस मामला अज्ञात में दर्ज कर उद्योगपति रईसजादे को बचाने का प्रयास कर रही है.
