अनशन पर ममता… लंगूर के बच्चे को कुत्तों ने नोंचा, अन्न जल छोड़ पोल पर बैठी मां, हैरान कर देंगी तस्वीरें

कानपुर में एक हृदयविदारक घटना ने सबको भावुक कर दिया. कुत्तों के हमले में अपने बच्चे को खोने के बाद, एक मादा लंगूर ने अन्न-जल त्याग दिया और पांच दिनों तक बिजली के खंभे पर बैठी रही. उसकी उदासी भरी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. आखिरकार, फायर ब्रिगेड और वन विभाग ने उसे बचाया.

बिजली के पोल पर बैठी मादा लंगूर

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक इमोशनल वीडियो और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं. ये वीडियो और तस्वीरें एक मादा लंगूर की हैं, जिसके बच्चे को कुत्तों ने नोंच खाया है. घटना के बाद से ही यह मादा लंगूर अन्न जल का त्यागकर बिजली के पोल पर बैठी थी. पांच दिन बाद फायर ब्रिगेड और वन विभाग के कर्मचारियों ने इस मादा लंगूर को रेस्क्यू किया है. घटना कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में मंधना बाजार का है. इन वीडियो और तस्वीरों को देखकर हर किसी की आंखें भर आईं.

जानकारी के मुताबिक पांच दिन पहले लंगूरों का एक झुंड निकल रहा था. इसी दौरान कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया और लंगूर के एक बच्चे को पकड़कर नोंच डाला. इससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरा घटना क्रम मादा लंगूर ने देखा, लेकिन चाहकर भी वह अपने बच्चे को बचा नहीं पायी. इस घटना से नाराज मादा लंगूर ने अन्न जल का त्याग कर दिया और घटना स्थल पर ही एक बिजली के पोल पर चढ़कर बैठ गई.

मादा लंगूर का रेस्क्यू

पांचवें दिन लोगों ने बुलाई फायर ब्रिगेड

उस समय तो किसी ने इस घटना पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन दूसरे और तीसरे दिन भी उसी पोल पर और उसी स्थान पर मादा लंगूर को बैठे देख लोगों में चर्चा होने लगी. ऐसे हालात में लोगों ने इस मादा लंगूर को खाना पानी देने की कोशिश की, लेकिन उसने इस खाने की ओर देखा ही नहीं. बल्कि चुपचाप पोल के ऊपर बैठी रही. फिर चौथे दिन लोगों ने इस मादा लंगूर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर डालने शुरू किए. इसके बाद पांचवें दिन मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने इस मादा लंगूर को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा है.

पांच दिनों तक भूखी बैठी रही मां

अपने बच्चे की मौत को अपनी आंखों से देखा यह मादा लंगूर इस कदर टूट गई कि उसे पांच दिनों तक ना तो भूख लगी और ना प्यास. बल्कि वह अपना उदास चेहरा लिए चुपचाप पोल के ऊपर बैठी रही. इस दौरान कुछ लोगों ने उसकी ओर पत्थर भी फेंका, लेकिन वह हिली डुली तक नहीं. मादा लंगूर की इस हालत को देखकर लोग भावुक हो गए. लोग यह कहने को मजबूर हो गए कि मां तो मां ही होती है.