होटल में मटन खा रहे थे महंत जी, वायरल हुआ Video तो भक्तों ने बीच सड़क पर गिराकर पीटा; तभी पहुंची पुलिस
कानपुर में एक मंदिर के महंत का होटल में मटन खाते हुए वीडियो वायरल होने से भक्तों में भारी आक्रोश फैल गया. इसके बाद धर्म का उपदेश देने वाले महंत प्रशांत गिरी उर्फ गोलू महाराज पर पाखंड का आरोप लगाते हुए भक्तों ने बुरी तरह पिटाई की है. गनीमत रही कि समय पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और महंत को लोगों के चंगुल से बचा लिया. इस घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मंदिर के महंत के साथ बुरी तरह से मारपीट का मामला सामने आया है. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. महंत की पिटाई करने वाले लोग भी उसी मंदिर से जुड़े हैं. आरोप है कि महंत मंदिर में बैठकर तो लोगों को धर्म का उपदेश करते थे. भक्तों के सामने नॉनवेज खाने का विरोध करते थे, लेकिन खुद चोरी छिपे होटल में बैठकर मटन खा रहे थे. उस समय उसी होटल में मौजूद किसी व्यक्ति ने महंत के मटन खाने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिया.
यह वीडियो जब मंदिर से जुड़े भक्तों ने देखा तो आक्रोश फैल गया. हालात को देखते हुए महंत मंदिर से फरार हो गए, लेकिन रविवार को लोगों ने इन्हें पकड़ लिया और बीच सड़क पर बुरी तरह से पिटाई करने लगे. इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बड़ी मुश्किल से महंत को आक्रोशित लोगों के चंगुल से मुक्त कराया. मामला कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक महंत की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी.
आस्था से खिलवाड़ का आरोप
मंदिर से जुड़े लोगों ने महंत पर लोगों की आस्था से खिलवाड़ का आरोप लगाया. बताया कि रावतपुर इलाके में स्थित भूतेश्वर मंदिर के महंत प्रशांत गिरी जी महाराज उर्फ गोलू महाराज का कुछ दिन पहले एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. इस वीडियो में वह इंदिरा नगर स्थित एक नॉनवेज होटल में बैठकर महंत मटन खाते नजर आ रहे थे. इस वायरल वीडियो को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया था. इसे देख महंत मंदिर को अनहोनी की आशंका हुई और वह मंदिर से लापता हो गए थे.
बीच सड़क पर पिटाई
पुलिस के मुताबिक इसी बीच गोलू महाराज लोगों को राह चलते मिल गए. लोगों ने वहीं उन्हें दबोच लिया और जमीन पर गिराकर बुरी तरह से पिटाई करने लगे. इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें लोगों के चंगुल से मुक्त कराया. लेकिन महंत वहां से भी भाग निकले. पुलिस के मुताबिक महंत ने अभी तक हमलावरों के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है. ना ही उनके बारे में कोई खबर मिली है. तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उधर, मंदिर से जुड़े लोगों के मुताबिक महंत अभी भी फरार हैं.
