कानपुर के जाम में नहीं फंसेगी एंबुलेंस, पुलिस ने बनाया ग्रीन कॉरिडोर; ऐसे करेगा काम

कानपुर पुलिस ने एंबुलेंस को ट्रैफिक जाम से बचाने के लिए 'ग्रीन कॉरिडोर सेल' स्थापित किया है. यह 24x7 सक्रिय सेल ICCC के माध्यम से एंबुलेंस की निगरानी करेगा और ट्रैफिक पुलिस सड़कों को तुरंत खाली कराएगी. इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बिना देरी अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा, जिससे अनमोल जानें बचेंगी.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

आपके शहर में जब भी कोई वीवीआईपी आता है तो उसके लिए ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था लागू होती है. इसका मतलब यह कि वह वीआईपी बिना जाम में फंसे अपने गंतव्य को जा सके. इसके लिए ट्रैफिक रोककर सड़कों को खाली कर दिया जाता है. उत्तर प्रदेश के कानपुर में यही व्यवस्था मरीजों के लिए होने जा रही है. इसके लिए कानपुर पुलिस ने पुलिस ऑफिस में एक ग्रीन कॉरिडोर सेल स्थापित किया है. यह सेल आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने का काम करेगी. यही व्यवस्था अन्य इमरजेंसी वाहनों के लिए भी होगी.

अभी कानपुर नगर में अव्यवस्थित ट्रैफिक और सड़कों पर भारी भीड़ की वजह से अक्सर एंबुलेंस फंसने की खबरें आती रहती है. इस समस्या से निपटने के लिए कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा फैसला लिया है. इसमें आपातकालीन (लाइफ थ्रेटनिंग) परिस्थितियों में मरीजों को शीघ्र, सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से अस्पताल पहुंचाने के लिए पुलिस ने Integrated Command and Control Centre (ICCC) में एक समर्पित ग्रीन कॉरिडोर सेल स्थापित किया है.

हर समय एक्टिव रहेगा सेल

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक यह सेल 24×7 तीन शिफ्टों में काम करेगा. यहीं से एंबुलेंस की रियल टाइम मूवमेंट की मॉनिटरिंग होगी. एंबुलेंस चालक से समन्वय एवं ट्रैफिक प्रबंधन का काम भी यहीं से किया जाएगा. इस कंट्रोल रूम में उपलब्ध लाइव सीसीटीवी कैमरों और गूगल मैप्स के माध्यम से एंबुलेंस की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकतानुसार फील्ड यूनिट्स को निर्देशित किया जाएगा.

ट्रैफिक पुलिस खाली कराएगी रोड

पुलिस कमिश्नर ने इस सेल का सीयूजी/हेल्पलाइन नंबर- 9454402413 जारी किया गया है. इस नंबर पर एंबुलेंस चालक कॉल, मैसेज, व्हाट्सएप कॉल और लाइव लोकेशन साझा कर सकते हैं. सूचना प्राप्त होने पर संबंधित मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिस को अलर्ट कर दिया जाएगा. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस प्राथमिकता के आधार पर मार्ग को ट्रैफिक मुक्त कराएगी. संभावित जाम अथवा अवरोध वाले स्थानों पर एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही पुलिस बल सड़क को खाली करा लेगी. इससे मरीजों को न्यूनतम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा.

Follow Us